श्री धार्मिक रामलीला का भव्य भूमि पूजन संपन्न, 11 से 20 अक्टूबर तक होगा रामलीला मंचन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (13/09/2026): सेक्टर पाई-1, ऐछर-बिरौड़ा स्थित धार्मिक रामलीला मैदान में रविवार, 13 सितंबर 2026 को आगामी दशहरा महोत्सव एवं धार्मिक रामलीला के भव्य आयोजन का भूमि पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य एवं सम्मानित लोग उपस्थित रहे। धार्मिक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में इस वर्ष रामलीला का मंचन 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
रामलीला का निर्देशन गोस्वामी सुशील महाराज के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन में राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर से आए अनुभवी एवं श्रेष्ठ कलाकार भगवान राम की लीलाओं का मंचन करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस बार रामलीला को पारंपरिक स्वरूप के साथ आधुनिक तकनीक और भव्य मंचीय प्रस्तुति का समावेश करते हुए दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।
कमेटी के अध्यक्ष आनंद भाटी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को केवल धन-संपत्ति देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार, चरित्र और जीवन मूल्यों से जोड़ना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन मानव समाज के लिए आदर्श चरित्र का सबसे बड़ा उदाहरण है। सनातन संस्कृति ने दशहरा महोत्सव और रामलीला जैसे आयोजनों के माध्यम से समाज को भगवान राम के आदर्शों एवं जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर दिया है। धार्मिक रामलीला कमेटी इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
गणमान्य लोगों ने की शिरकत
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तेजपाल नागर और विशिष्ट अतिथि ईश्वर दयाल मौजूद रहे। इनके अलावा भाजपा गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता बिजेंद्र भाटी, राजे कसाना, रामप्रकाश मावी, गीता पंडित, चेयरमैन दादरी, पंकज रोसा, सुनील चावड़ा, दीपक भाटी, वीरेंद्र रोसा, प्रमोद भाटी, मुकेश नागर, नरेंद्र नागर, इलम सिंह नागर, राजेश भाटी तथा सरदार गुरुदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत होगी रामलीला
कमेटी की महासचिव ममता तिवारी ने बताया कि आयोजन समिति के पास लगभग 60 वर्षों के अनुभव वाले अनुभवी निर्देशक का मार्गदर्शन है। उनका उद्देश्य रामलीला को आधुनिक प्रस्तुति तकनीकों के साथ विश्वस्तरीय स्वरूप देना है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी और बच्चों को रामलीला से जोड़ने के लिए प्रस्तुति शैली में समय के अनुरूप बदलाव जरूरी है। समिति का प्रयास है कि बच्चे भगवान राम के चरित्र, आदर्शों और जीवन मूल्यों को समझें तथा उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन को बेहतर बनाएं।
संस्थापक राजकुमार नागर ने बताया कि इस वर्ष रामलीला में 100 से अधिक कलाकार भाग लेंगे। इसके लिए लगभग 350 फीट लंबे और 80 फीट चौड़े बहुमंजिला मंच का निर्माण किया जा रहा है। मंच पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और अत्याधुनिक ध्वनि तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे दर्शकों को भव्य मंचीय अनुभव प्राप्त हो सके।
संस्थापक प्रदीप शर्मा पंडित ने बताया कि विशाल मंच के पीछे तीन बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे। इन पर अत्याधुनिक ग्राफिक्स और दृश्य प्रभावों का संचालन किया जाएगा। प्रकाश, ध्वनि, ग्राफिक्स और मंच सज्जा के समन्वय से ऐसा वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे दर्शकों को खुले मैदान में बैठकर भी थिएटर जैसा अनुभव हो।

संस्थापक शेर सिंह भाटी ने कहा कि भूमि पूजन से लेकर दशहरा महोत्सव तक पूरे आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी की गई है। इस बार रामलीला में आधुनिक तकनीक का बड़े स्तर पर प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भगवान राम की लीलाओं के साथ देश की विभिन्न प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी और अन्य विशेष प्रस्तुतियां भी आयोजन के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों के मुताबिक इस बार की रामलीला में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेश के साथ आधुनिक तकनीक, भव्य मंच, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रभाव और डिजिटल ग्राफिक्स का अनूठा संयोजन देखने को मिलेगा। दशहरा महोत्सव के दौरान ये सभी पहलू कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण बने रहेंगे।
पदाधिकारियों और सदस्यों की रही मौजूदगी
भूमि पूजन कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक गोस्वामी सुशील महाराज, संस्थापक राजकुमार नागर, प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, संरक्षक हरवीर मावी, सुशील नागर, बालकिशन सफीपुर, धीरेंद्र भाटी, पवन नागर, दिनेश गुप्ता, अध्यक्ष आनंद भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, मीडिया प्रभारी अतुल आनंद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश गौतम, महेश शर्मा बदौली, रोशनी सिंह, चेनपाल प्रधान, सत्यवीर मुखिया, जितेंद्र भाटी, महेश कमांडो, फिरे प्रधान, पीपी शर्मा, यशपाल नागर, श्याम सुंदर फौजी, सचिव बीरपाल मावी, गीता सागर, ज्योति सिंह, पवन भाटी, तेजकुमार, भगवत भाटी, राकेश भाटी, राकेश बसोया, विनीता, गीता भाटी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित रामलीला और दशहरा महोत्सव में शामिल होकर भगवान राम के आदर्शों एवं सनातन संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।