आईटी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें युवा, राष्ट्र सेवा में भी बढ़-चढ़कर करें भागीदारी: आनंद
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (13/09/2026): मंगल पांडे नगर में रविवार, 13 सितंबर को आईटी गोष्ठी का आयोजन पारस इंटरनेशनल स्कूल, मिलक लच्छी में किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ आनंद, प्रदीप और दुर्गेश ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सह प्रांत प्रचारक आनंद तथा जिला प्रचारक नेमपाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। गोष्ठी में मंगल पांडे नगर क्षेत्र की विभिन्न सोसाइटियों से बड़ी संख्या में आईटी क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स ने सहभागिता की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए आनंद, सह प्रांत प्रचारक ने युवाओं से आईटी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज तकनीकी क्षेत्र देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवाओं को अपने आईटी कौशल और क्षमताओं का विकास करते हुए इस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही, तकनीकी क्षेत्र में कार्य करने के साथ समाज और राष्ट्र सेवा से जुड़े अन्य कार्यों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी केवल पेशेवर जीवन तक सीमित नहीं होनी चाहिए। अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति स्वबोध विकसित करना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा पर जोर
आनंद ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानव जीवन को सुरक्षित रखने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास करने के साथ इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। घर में जल संरक्षण को बढ़ावा देना, सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाना और अधिक से अधिक पेड़ लगाना जैसे छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने युवाओं को जागरूक नागरिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के बीच देशविरोधी नैरेटिव और भ्रम फैलाने वाली गतिविधियों के प्रति लोगों को सजग रहना होगा। युवाओं को सकारात्मक सोच और सही जानकारी के माध्यम से ऐसे नकारात्मक नैरेटिव को समाप्त करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
भारतीय परिवार व्यवस्था और संस्कारों को मजबूत करने की अपील
गोष्ठी में परिवार व्यवस्था और संस्कारों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। आनंद ने कहा कि कुटुंब को मजबूत करना और भारतीय परिवार के संस्कारों को सुरक्षित रखना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। भारतीय संस्कृति में परिवार के माध्यम से बच्चों को नैतिक शिक्षा और जीवन मूल्यों की सीख देने की परंपरा रही है, जिसे दुनिया में अनुकरणीय माना जाता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि उनका मजबूत चरित्र निर्माण हो सके और वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज तथा राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें।

एक घंटे की शाखा से चरित्रवान नागरिक निर्माण का लक्ष्य
जिला प्रचारक नेमपाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के उद्देश्य और उसके विभिन्न सेवा कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघ की शाखा के माध्यम से चरित्रवान नागरिक तैयार करने का प्रयास किया जाता है, जो आगे चलकर राष्ट्र को परम वैभव की दिशा में ले जाने में अपनी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा कि चरित्रवान नागरिकों के माध्यम से समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के विभिन्न कार्यों को गति मिलती है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों सहित अनेक सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा पहुंचाना है। नेमपाल ने बताया कि देशभर में बड़ी संख्या में शाखाएं राष्ट्र उत्थान और चरित्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही संघ से जुड़े विभिन्न आनुषांगिक संगठन भी समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
आईटी प्रोफेशनल्स ने की सहभागिता
कार्यक्रम के समापन अवसर पर दुर्गेश के आशीर्वचन एवं कल्याण मंत्र के साथ गोष्ठी का समापन हुआ। कार्यक्रम में जिला आईटी प्रमुख, सह जिला आईटी प्रमुख आशीष, सह जिला शारीरिक प्रमुख सजीव, नगर आईटी प्रमुख कृष्णा, सह नगर संचालक प्रदीप सहित मंगल पांडे नगर क्षेत्र की विभिन्न सोसाइटियों से आए अनेक आईटी प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे।
गोष्ठी में तकनीकी क्षेत्र में युवाओं की भूमिका, राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक दायित्व और भारतीय संस्कारों को मजबूत करने जैसे विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।