New Delhi News (13 September 2026): नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के खिलाफ तिब्बती समर्थकों और तिब्बती यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आईटीओ और भारत मंडपम के आसपास हुए प्रदर्शन के दौरान भारत मंडपम की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे दर्जनों तिब्बती युवाओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में इन्हें लुटियंस जोन से दूर ले जाकर छोड़ा गया। घटना के बाद संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इससे पहले शुक्रवार को ‘स्टूडेंट्स फॉर ए फ्री तिब्बत’ के पांच कार्यकर्ता प्रगति मैदान टनल के अंदर पहुंच गए थे। प्रदर्शनकारियों ने टनल के पिलरों पर चढ़कर तिब्बत का झंडा फहराया और शी जिनपिंग के खिलाफ नारेबाजी की। शनिवार रात भी कड़ी बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रदर्शनकारी आईटीओ के रास्ते वीवीआईपी रूट के मुहाने और भारत मंडपम के आसपास तक पहुंच गए। इन घटनाओं ने BRICS सम्मेलन के दौरान लागू त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने तिब्बत में चीन की नीतियों, सांस्कृतिक हस्तक्षेप, धार्मिक पाबंदियों और मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन का मुद्दा उठाया। तिब्बती संगठनों ने भारत मंडपम में मौजूद वैश्विक नेताओं और अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान तिब्बत के मुद्दे की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। तिब्बती यूथ कांग्रेस और छात्र संगठनों के प्रदर्शन से यह भी संकेत मिला कि भारत में रह रही तिब्बती युवा पीढ़ी अपनी मांगों को लेकर अधिक मुखर और रणनीतिक तरीके से आवाज उठा रही है।
लगातार प्रदर्शनों के बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है। उत्तरी दिल्ली के तिब्बती बहुल इलाके मजनू का टीला से बाहर निकलने वाले संकरे रास्तों और मुख्य सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि त्वरित प्रतिक्रिया दल और अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। भारत मंडपम की ओर आने वाली टनल, अंडरपास और आसपास के मेट्रो स्टेशनों के निकास द्वारों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। खुफिया विभाग को तिब्बती शरणार्थी कॉलोनियों से लगातार रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदर्शनकारी दोबारा लुटियंस दिल्ली और वीवीआईपी इलाकों की ओर न पहुंच सकें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।