शेख सराय में बनेगी अत्याधुनिक फोरेंसिक लैब, 151.81 करोड़ रुपये की आएगी लागत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (13 September 2026): दिल्ली में आपराधिक मामलों की वैज्ञानिक जांच को और मजबूत करने के लिए शेख सराय में अत्याधुनिक क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला यानी आरएफएसएल का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। परियोजना के लिए 151.81 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति मिली है। सरकार के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग इस निर्माण कार्य को दो वर्ष के भीतर पूरा करेगा।

नई क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला करीब 6,300 वर्गमीटर के भूखंड पर बनाई जाएगी, जबकि इसका कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 18,300 वर्गमीटर होगा। इसे वैज्ञानिक जांच की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एकीकृत फोरेंसिक सुविधा के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नई प्रयोगशाला से दिल्ली पुलिस और गृह विभाग को आपराधिक मामलों में वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक क्षमता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इस अत्याधुनिक फोरेंसिक प्रयोगशाला से दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और मध्य दिल्ली के जिलों को विशेष लाभ मिलेगा। सरकार के अनुसार, इससे आपराधिक मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच और विश्लेषण के लिए आवश्यक सुविधाएं मजबूत होंगी। नई आरएफएसएल के जरिए डीएनए, साइबर और अन्य वैज्ञानिक जांच से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के लागू होने के बाद आपराधिक मामलों में फोरेंसिक जांच की बढ़ती जरूरत को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नई फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक वैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा लाभ दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और मध्य दिल्ली के जिलों को मिलेगा। नई सुविधा से आपराधिक मामलों में वैज्ञानिक जांच को मजबूती मिलेगी और साक्ष्य आधारित जांच में तेजी आने के साथ अदालतों में मामलों के समय पर निपटारे में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।