यूपी में 6,566 करोड़ का बड़ा निवेश, मेरठ और उन्नाव बनेंगे एल्युमिनियम पैकेजिंग के नए हब
टेन न्यूज नेटवर्क
Uttar Pradesh News (11/09/2026): उत्तर प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है। बॉल कॉर्पोरेशन, क्राउन होल्डिंग्स और कैनपैक प्रदेश में कुल ₹6,566 करोड़ के प्रस्तावित निवेश के साथ एल्युमिनियम बेवरेज कैन और एडवांस पैकेजिंग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की तैयारी में हैं। इन परियोजनाओं से मेरठ और उन्नाव में मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और स्थानीय सप्लाई चेन के विस्तार की उम्मीद है।
इसी कड़ी में गुरुवार को क्राउन होल्डिंग्स और बॉल कॉर्पोरेशन के शीर्ष अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। बैठक में उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर चर्चा हुई।
क्राउन होल्डिंग्स का उन्नाव में ₹2,078 करोड़ का निवेश
क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड उन्नाव के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर यानी आईएमएलसी में करीब 40 एकड़ में ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन प्लांट स्थापित कर रही है। इस परियोजना में करीब ₹2,078.44 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है।
खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में स्थापित होने वाली यह क्राउन होल्डिंग्स की भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी। प्लांट की शुरुआती उत्पादन क्षमता करीब 116.2 करोड़ कैन प्रतिवर्ष होगी, जिसे आगे बढ़ाकर 178.6 करोड़ कैन सालाना तक किया जा सकता है। परियोजना से 209 प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन लगाएगी ₹2,913 करोड़
बॉल बेवरेज पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड मेरठ के आईएमएलसी में करीब 40 एकड़ क्षेत्र में एल्युमिनियम बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की तैयारी में है। परियोजना के लिए ₹2,913 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। इस निवेश से बेवरेज और एफएमसीजी सेक्टर के साथ फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और एंसिलरी मैन्युफैक्चरिंग जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उन्नाव में कैनपैक का ₹1,574 करोड़ का प्रोजेक्ट
कैनपैक इंडिया भी उन्नाव स्थित आईएमएलसी में ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रही है। परियोजना में ₹1,574.62 करोड़ के प्रस्तावित निवेश की बात कही गई है। करीब 26 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस इकाई की उत्पादन क्षमता लगभग 130 करोड़ कैन प्रतिवर्ष बताई गई है।
निवेश से बनेगा पैकेजिंग इंडस्ट्री का मजबूत इकोसिस्टम
इन तीनों परियोजनाओं का असर केवल कैन निर्माण तक सीमित रहने की उम्मीद नहीं है। बड़े प्लांट के साथ कच्चे माल, मशीनरी, ट्रांसपोर्टेशन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, मेंटेनेंस और एंसिलरी इंडस्ट्री से जुड़े कारोबार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
स्थानीय एमएसएमई और सप्लायर्स के लिए इन ग्लोबल कंपनियों की सप्लाई चेन से जुड़ने के अवसर पैदा होने की संभावना है। वहीं, बेवरेज, एफएमसीजी और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में पैकेजिंग की स्थानीय सप्लाई मजबूत होने से उद्योगों को भी फायदा मिल सकता है। मेरठ और उन्नाव में बॉल, क्राउन और कैनपैक के प्रस्तावित प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश में एल्युमिनियम पैकेजिंग मैन्युफैक्चरिंग के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।