New Delhi News (05 November 2026): कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संस्थापक आशुतोष रांका की कथित विदेशी फंडिंग को लेकर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि अभिजीत दीपके को अमेरिका स्थित कुछ डोनर्स से आर्थिक मदद मिली, जबकि आशुतोष रांका को पाकिस्तानी नेताओं और उनके कुछ मददगारों से फंडिंग मिलने की बात सामने आई है। मंगलवार को बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जितेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ लोग विदेशी आर्थिक मदद के जरिए सरकार के खिलाफ अभियान चलाने और देश में जनमत को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि भारत और विदेशों में सक्रिय कुछ एनजीओ तथा संगठन कथित तौर पर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी फंडिंग हासिल करने वाले एनजीओ, डीप स्टेट से जुड़े ऑपरेटिव और भारत विरोधी ताकतें मिलकर सरकार के खिलाफ भ्रामक नैरेटिव तैयार करने और उसे फैलाने का काम कर रही हैं। जितेंद्र सिंह के मुताबिक, कुछ ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की फंडिंग के स्रोतों पर सवाल उठते हैं, जो खुद को जननेता और सामाजिक कार्यकर्ता बताते हैं। हालांकि, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ लगाए गए इन फंडिंग संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
जितेंद्र सिंह ने विदेशी फंडिंग पर निगरानी रखने के लिए विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (FCRA) का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि विदेशी पैसों के लेन-देन पर निगरानी रखने के लिए यह कानून जरूरी है। मंत्री ने अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि जो लोग सरकार पर आरोप लगाते हैं, उन्हें अपने अभियानों के लिए मिलने वाले आर्थिक संसाधनों और फंडिंग के स्रोतों का भी खुलासा करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक रूप से जमीन खो चुके कुछ लोग दोबारा जनता का ध्यान आकर्षित करने के लिए इस तरह का नैरेटिव तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस बीच CJP से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। क्राइम ब्रांच ने सौरभ दास और आशुतोष रांका को 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे राजौरी स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया है। यह जांच सरकारी आदेशों का पालन नहीं करने, बिना अनुमति जंतर-मंतर पहुंचने और दूसरे की संपत्ति में प्रवेश करने से जुड़े मामलों में की जा रही है। ऐसे में एक तरफ केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के विदेशी फंडिंग को लेकर लगाए गए आरोपों से राजनीतिक बहस तेज हो गई है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की पूछताछ से CJP से जुड़े मामलों में जांच का दायरा भी चर्चा में आ गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।