बेटी पढ़ेगी, बढ़ेगी और आत्मनिर्भर बनेगी; सीएम योगी ने गिनाईं बेटियों के लिए योजनाएं

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (10/09/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज बेटियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह नहीं होना चाहिए कि वे घर से बाहर निकलेंगी या नहीं, बल्कि यह होना चाहिए कि वे अपने सपनों को कितना बड़ा बना सकती हैं। सरकार का प्रयास है कि बेटियां सुरक्षित माहौल में पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने पैरों पर खड़ी हों।

बुधवार को वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले परिवार बेटी को स्कूल भेजने से लेकर उसके घर लौटने तक उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता था। आज सरकार का प्रयास है कि बेटियों के मन से यह डर पूरी तरह खत्म हो और वे बिना किसी भय के शिक्षा, रोजगार और अपने पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने पहले बेटियों की सुरक्षा पर ध्यान दिया, फिर उन्हें शिक्षा और हुनर से जोड़ा और अब रोजगार व उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी बेटी के सपने सिर्फ इसलिए नहीं रुकने चाहिए कि वह गरीब परिवार में पैदा हुई है।

44 हजार महिला पुलिसकर्मी, जल्द संख्या 50 हजार के पार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई गई है। वर्ष 2017 में प्रदेश में करीब 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, जबकि अब यह संख्या 44 हजार हो चुकी है। नई भर्ती के बाद महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 50 हजार से अधिक होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र, महिला बीट पुलिस व्यवस्था और हेल्पलाइन सेवाओं के जरिए महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है।

50 हजार मेधावी बेटियों को स्कूटी

सीएम योगी ने कहा कि बेटियों की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का विस्तार किया जा रहा है। अटल आवासीय विद्यालयों में बेटियों के लिए आधी सीटें रखी गई हैं और सैनिक स्कूलों में भी बेटियों के लिए अवसर बढ़ाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जल्द ही स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार मेधावी बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना से जोड़ने की तैयारी है।

बेटी बनेगी डिजिटल उद्यमी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें रोजगार और उद्यमिता से भी जोड़ा जा रहा है। ‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत करीब आठ हजार न्याय पंचायतों में डिजिटल एंटरप्रेन्योर तैयार किए जाएंगे, जिनमें चार हजार महिला डिजिटल उद्यमी होंगी।

उन्होंने कहा कि आज बेटियां सिर्फ नौकरी पाने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली भी बन रही हैं।

‘बेटियां वहां तक जाएं, जहां तक सपने ले जाएं’

सीएम योगी ने कहा कि बेटियों को सुरक्षित माहौल देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटियां वहां तक जाएं, जहां तक उनके सपने उन्हें ले जाएं। वहीं, महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।