गाजियाबाद में बीटेक छात्र की छठी मंजिल से गिरकर मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (07/11/2026): गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र की छठी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। 18 वर्षीय छात्र की मौत के बाद परिवार ने कॉलेज के कुछ छात्रों पर रैगिंग करने का आरोप लगाया है। पिता ने कॉलेज प्रबंधन को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।

मृतक की पहचान सहारनपुर जिले के नानौता निवासी हर्ष सिसोदिया के रूप में हुई है। वह जुलाई में आरकेजीआईटी कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष में दाखिला लेने के बाद हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह मोबाइल पर बात करते हुए अपने कमरे से बाहर निकला। इसके बाद वह दूसरे टॉवर में स्थित मालवीय भवन हॉस्टल की छत पर पहुंचा और छठी मंजिल से नीचे गिर गया।

घटना के बाद उसके दोस्त गंभीर हालत में उसे संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की, लेकिन परिजनों ने शव का मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। बाद में शव को सहारनपुर स्थित उनके घर ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हर्ष के पिता अर्जुन सिसोदिया ने आरोप लगाया कि 5 नवंबर को कॉलेज के सात-आठ छात्रों ने उनके बेटे के साथ रैगिंग की थी। उनका कहना है कि इस घटना के बाद से हर्ष मानसिक रूप से परेशान था। पिता ने कॉलेज के डीन और प्रबंधन को लिखित शिकायत देकर रैगिंग के आरोपों की जांच कराने और जिम्मेदार छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कॉलेज प्रबंधन ने शिकायत मिलने के बाद मामले की लिखित जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस के अनुसार अभी तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।