BRICS शिखर सम्मेलन: 12-13 सितंबर को दिल्ली बनेगी अभेद्य किला, रहेगा कड़ा सुरक्षा घेरा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (10 September 2026): नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने जा रहे BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। दुनिया के शीर्ष राष्ट्राध्यक्षों, वैश्विक नेताओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी को देखते हुए दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और पैरामिलिट्री फोर्सेज ने जमीन से लेकर आसमान तक बहुस्तरीय सुरक्षा चक्र तैयार किया है। कार्यक्रम स्थल से लेकर वीवीआईपी मेहमानों के ठहरने वाले पांच सितारा होटलों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के साथ NSG कमांडो, SPG, IB और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
सम्मेलन के दौरान प्रमुख स्थानों और महत्वपूर्ण मार्गों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। मुख्य सम्मेलन स्थल और वीवीआईपी होटलों के आसपास NSG कमांडो तथा दिल्ली पुलिस की SWAT टीमें तैनात रहेंगी, जबकि एंटी-ड्रोन गन और रडार सिस्टम के जरिए आसमान से होने वाले संभावित खतरों पर भी नजर रखी जाएगी। केंद्रीय खुफिया एजेंसियां हर गतिविधि की निगरानी कर रही हैं और प्रमुख रास्तों पर रूट डायवर्जन के साथ विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। संभावित खतरों से निपटने के लिए सुरक्षा बलों की ओर से महत्वपूर्ण स्थानों पर मॉक ड्रिल भी की जा रही हैं।
किसी भी गैर-पारंपरिक खतरे से निपटने के लिए दिल्ली फायर सर्विस और NDRF ने भी विशेष तैयारियां की हैं। अत्याधुनिक ‘हैजमेट वाहन’ को अलर्ट मोड पर तैनात किया जाएगा, जो केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर यानी CBRN पदार्थों की मौजूदगी का पता लगाने में सक्षम है। यह वाहन हवा में मौजूद सूक्ष्म खतरनाक तत्वों को पहचानकर खतरे की जगह, दूरी और उसकी मात्रा का आकलन कर सकता है। संदिग्ध गैस रिसाव या केमिकल हमले जैसी स्थिति में इसके जरिए तेजी से राहत और बचाव अभियान की दिशा तय की जा सकेगी।
दिल्ली फायर सर्विस ने सम्मेलन को लेकर विशेष ‘रेड अलर्ट प्लान’ तैयार किया है। चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक के अनुसार, 11 सितंबर से विभिन्न देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों का दिल्ली पहुंचना शुरू हो जाएगा, जिसे देखते हुए 11 से 14 सितंबर तक 30 दमकल गाड़ियों को संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इनमें वीवीआईपी होटल, मुख्य सम्मेलन स्थल, एयरपोर्ट रूट और आपातकालीन मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा किसी भी अचानक पैदा होने वाली स्थिति से निपटने के लिए 5 फायर ब्रिगेड गाड़ियों को क्विक रिस्पॉन्स टीम के रूप में रिजर्व रखा जाएगा, जिन्हें आपात सूचना मिलते ही तुरंत मौके के लिए रवाना किया जाएगा।
इस पूरे सुरक्षा ऑपरेशन में दिल्ली फायर सर्विस के 540 से अधिक प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है और 24 घंटे व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनकी 8-8 घंटे की क्लॉक-वाइज शिफ्ट तय की गई है। सुरक्षा में किसी भी तरह की सेंध रोकने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष बायोमेट्रिक सुरक्षा पास दिए जाएंगे और बिना पास के प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। 11 सितंबर से शुरू होने वाली यह विशेष तैनाती 14 सितंबर को प्रतिनिधियों की रवानगी तक जारी रहेगी। सभी वाहनों और बचाव उपकरणों की रोजाना जांच की जा रही है, जबकि दिल्ली पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और फायर सर्विस के बीच एकीकृत कमांड सेंटर के जरिए सीधा समन्वय रखा जाएगा, ताकि किसी भी आकस्मिक सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।