Uttar Pradesh News (07 November 2026): उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गाजियाबाद (Ghaziabad) में वसुंधरा पुलिस चौकी (Vasundhara Police Outpost) में हुए धमाके की जांच में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में जहां धमाके को लेकर कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई थी, वहीं अब पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि विस्फोटक दिल्ली (Delhi) से राजनगर की ओर जाने वाले एलिवेटेड रोड से फेंका गया था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुए इस धमाके से पुलिस चौकी के दो कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
इस बीच ‘गाजी-2’ नाम के एक संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह कोई आतंकी संगठन है या धार्मिक संगठन। जिस अकाउंट से जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट की गई, उसके केवल दो फॉलोअर बताए जा रहे हैं और यह अकाउंट अगस्त 2025 में बनाया गया था। ऐसे में एजेंसियां इस दावे की भी जांच कर रही हैं कि पोस्ट करने वाला संगठन वास्तविक है या इसके जरिए जांच को भटकाने की कोशिश की गई है।
घटना के वक्त पुलिस चौकी के अंदर एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे। दोनों ने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी। विस्फोट के कारण टूटे शीशों के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय को मामूली चोटें आईं। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि धमाका AC कंप्रेसर फटने या सामान्य पटाखे की वजह से नहीं हुआ। हालांकि, विस्फोटक की प्रकृति और उसमें इस्तेमाल सामग्री को लेकर अभी अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस कमिश्नर जे. रवींद्र गौड़ (J. Ravindra Gaur) ने शनिवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की जानकारी ली। मौके पर फील्ड यूनिट, बम निरोधक दस्ता, फॉरेंसिक टीम और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी पहुंचे। उत्तर प्रदेश एटीएस (UP ATS) की टीम भी मामले की जांच में जुटी है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने से पहले धमाके की वजह पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जिम्मेदारी लेने वाले संगठन के दावे को भी गंभीरता से परखा जा रहा है।
वसुंधरा पुलिस चौकी का इलाका सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। चौकी के दोनों तरफ सड़क है, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती है, जबकि इसके ऊपर से एलिवेटेड रोड गुजरता है। आसपास सीसीटीवी कैमरों की कमी जांच एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई है। पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगे कैमरे में घटना से जुड़ी कोई तस्वीर कैद हुई है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। हाल के दिनों में पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने से जुड़े खुफिया इनपुट के मद्देनजर एजेंसियां इस धमाके को हर एंगल से जांच रही हैं। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी जांच से ही साफ होगा कि यह विस्फोट किसी साजिश का हिस्सा था या कोई अन्य घटना।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।