दिल्ली की आजादपुर मंडी में व्यापारी की हत्या, तीन हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 September 2026): दिल्ली की आजादपुर मंडी में हरा धनिया व्यापारी की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जहांगीरपुरी निवासी मोहम्मद आलम के रूप में हुई है, जो आजादपुर मंडी में हरे धनिये का कारोबार करते थे। जानकारी के मुताबिक, देर रात मंडी के अंदर तीन हेलमेट पहने हमलावर पहुंचे और मोहम्मद आलम को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब सात गोलियां चलाईं, जिससे व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना बीती रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले तीन लोगों में एक महिला और दो युवक शामिल थे। तीनों आरोपी हेलमेट पहने हुए थे और पैदल ही मंडी के अंदर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने मोहम्मद आलम को निशाना बनाते हुए अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोली लगने से आलम गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका। वारदात के बाद आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों की टीमें मंडी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के परिजनों, परिचितों और मंडी में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मोहम्मद आलम की किसी से पुरानी रंजिश थी या हत्या के पीछे कारोबार से जुड़ा कोई विवाद था। व्यस्त आजादपुर मंडी में इस तरह हुई हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।