नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली संकट से मिलेगी राहत? अस्थायी कनेक्शन की तैयारी शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (07/09/2026): नोएडा के छिजारसी-चोटपुर डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद अब हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद बिजली निगम ने यहां अस्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। माना जा रहा है कि अगले करीब 10 दिनों में व्यवस्था को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। इससे डूब क्षेत्र की 40 से अधिक कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को राहत मिल सकती है।

दरअसल, अवैध बिजली कनेक्शन और बिजली चोरी की शिकायतों के बाद निगम ने अभियान चलाकर महज तीन दिनों में 5 हजार से ज्यादा कनेक्शन काट दिए थे। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों से ट्रांसफॉर्मर और केबल भी हटाए गए। अचानक बिजली आपूर्ति बंद होने से बड़ी संख्या में परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया था।

विवाद बढ़ने पर स्थानीय विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री कार्यालय और विद्युत निगम के अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद फिलहाल कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोक दी गई है। अब प्रशासन और बिजली निगम की ओर से ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर जोर है, जिससे लोगों को नियमों के तहत अस्थायी आपूर्ति मिल सके और बिजली चोरी पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बिजली कटौती के विरोध में स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालने के साथ विधायक कार्यालय का घेराव भी किया था। वहीं, जांच में डूब क्षेत्र में करीब 13 हजार अवैध कनेक्शन मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक बिजली चोरी के कारण हर महीने करीब 6.50 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का दावा किया गया है।

इस मुद्दे को लेकर सोमवार को भारतीय किसान परिषद के बैनर तले पुश्ता रोड पर किसानों की पंचायत भी प्रस्तावित है। पहले यह पंचायत रविवार को होनी थी, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया। पंचायत को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी सतर्क है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि अस्थायी कनेक्शन की व्यवस्था कब लागू होती है और किन शर्तों के तहत प्रभावित परिवारों को बिजली आपूर्ति मिलती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।