हिंडन नदी में डूबे दो युवकों का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, तलाश जारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (07/09/2026): नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में हिंडन नदी में डूबे दो युवकों की तलाश 24 घंटे बाद भी जारी है। यूसुफपुर चक गांव के पास शनिवार शाम हुए हादसे के बाद पुलिस, फायर सर्विस, SDRF और NDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। रविवार को पूरे दिन नदी में तलाश की गई, लेकिन दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका।

लापता युवकों की पहचान बुलंदशहर निवासी 19 वर्षीय शिव राजपूत और 20 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। दोनों यूसुफपुर चक गांव में किराए के मकान में रहते थे और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का सहयोग करते थे। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार दोनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

बताया जा रहा है कि बहलोलपुर और यूसुफपुर चक के बीच हिंडन नदी पार कराने के लिए स्थानीय स्तर पर नाव का इस्तेमाल किया जाता है। शनिवार शाम करीब पांच बजे नदी के दोनों किनारों पर बंधी रस्सी को दूसरे छोर तक पहुंचाने के लिए एक युवक को 500 रुपये देने की बात सामने आई है। रस्सी बांधने के दौरान युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी नदी में उतर गया, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की गई। नदी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली। इसके बाद SDRF और NDRF की टीमों को अभियान में लगाया गया। रविवार को भी विशेषज्ञ गोताखोरों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की, लेकिन दोनों युवकों का सुराग नहीं मिल सका। अधिकारियों के मुताबिक, तलाश अभियान आगे भी जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।