Noida E-Bus Service: यात्रियों की संख्या 3.40 लाख पहुंची, अब 25 नई ई-बसें जोड़ने की तैयारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (03/09/2026): नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित सिटी ई-बस सेवा को आमजन की ओर से लगातार बेहतर प्रतिक्रिया मिल रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और विभिन्न गांवों व सेक्टरों से प्राप्त मांग को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने मौजूदा व्यवस्था में 25 अतिरिक्त ई-बसें जल्द शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया है। साथ ही, नए रूट विकसित करने के लिए सर्वे का काम भी किया जा रहा है।

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, 15 जून 2026 से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में कुल 100 ई-बसों का संचालन जनसुविधा के लिए कम किराया दरों पर शुरू किया गया था। इनमें से 50 बसें नोएडा, 25 ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित की जा रही हैं।

अगस्त में दोगुने से ज्यादा बढ़े ई-बस यात्री

ई-बस सेवा को लेकर लोगों की बढ़ती रुचि का अंदाजा यात्रियों की संख्या से लगाया जा सकता है। प्राधिकरण के मुताबिक, जुलाई 2026 में ई-बसों से 1.50 लाख यात्रियों ने सफर किया था, जबकि अगस्त में यह आंकड़ा बढ़कर 3.40 लाख पहुंच गया।

यानी महज एक महीने में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही ई-बस सेवा से होने वाले राजस्व में भी लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है। प्राधिकरण का कहना है कि कम किराया, शहर के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली कनेक्टिविटी और आमजन के लिए सुविधाजनक परिवहन विकल्प होने के कारण ई-बस सेवा को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

मांग को देखते हुए जल्द आएंगी 25 नई ई-बसें

शहरवासियों और विभिन्न गांवों के निवासियों की ओर से ई-बसों की संख्या बढ़ाने तथा नए रूट शुरू करने की लगातार मांग की जा रही है। यात्रियों की जरूरत को देखते हुए प्राधिकरण ने मौजूदा बेड़े में 25 अतिरिक्त ई-बसें जल्द जोड़ने का प्रस्ताव किया है।इसके साथ ही नए बस रूट की संभावनाओं का आकलन करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के अधिक से अधिक गांवों और सेक्टरों को सिटी ई-बस नेटवर्क से जोड़ना है।

प्राधिकरण की योजना है कि यात्रियों की मांग और यातायात की जरूरत के आधार पर ऐसे रूट विकसित किए जाएं, जिससे लोगों को सार्वजनिक परिवहन के अधिक विकल्प उपलब्ध हो सकें।

नोएडा में इन 5 रूटों पर चल रही हैं ई-बसें

वर्तमान में नोएडा क्षेत्र में 50 ई-बसों का संचालन पांच प्रमुख रूटों पर किया जा रहा है। इन रूटों के जरिए नोएडा को ग्रेटर नोएडा, जेवर एयरपोर्ट, सूरजपुर, गाजियाबाद और आनंद विहार जैसे प्रमुख स्थानों से जोड़ा गया है।

रूट-1: बॉटनिकल गार्डन से परी चौक

इस रूट पर बसें बॉटनिकल गार्डन से गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, होशियारपुर, सेक्टर-51, पर्थला, गौर चौक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक मूर्ति गोलचक्कर और सूरजपुर कलेक्ट्रेट होते हुए परी चौक, ग्रेटर नोएडा तक जाती हैं।

रूट-2: बॉटनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट

यह रूट बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-44 छलेरा, एमिटी स्कूल, एक्सप्रेसवे, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और रघुपुरा होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक संचालित है।

रूट-3: बॉटनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट

इस रूट के तहत बसें सेक्टर-37 अंडरपास, छलेरा, अगाहपुर, बरौला, सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-75, नॉर्थआई चौक, सेक्टर-116, सेक्टर-78, सैमसंग फेस-2, फूल मंडी और कुलेसरा होते हुए सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक पहुंचती हैं।

रूट-4: बॉटनिकल गार्डन से नया बस अड्डा, गाजियाबाद

इस रूट पर ई-बस सेवा गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, सेक्टर-52, साईं मंदिर, सेक्टर-61, सेक्टर-62, प्रताप विहार गाजियाबाद और आरआरटीएस स्टेशन गाजियाबाद होते हुए नए बस अड्डे तक संचालित की जा रही है।

रूट-5: बॉटनिकल गार्डन से आनंद विहार

पांचवें रूट पर ई-बसें बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-16, नोएडा प्रवेश गेट, सेक्टर-14ए, अक्ष

रधाम और कौशांबी होते हुए आनंद विहार बस स्टेशन तक चल रही हैं।

शिकायत और सुझाव के लिए हेल्पलाइन जारी

ई-बस सेवा को और बेहतर बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने आमजन से सुझाव और शिकायतें भी आमंत्रित की हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 1800-180-2877 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

लोग इस नंबर पर ई-बस सेवा से जुड़ी किसी भी समस्या, शिकायत या सुझाव को दर्ज करा सकते हैं।

ई-बस यात्रियों की तेजी से बढ़ती संख्या और नए रूटों की मांग को देखते हुए आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के और विस्तार की उम्मीद है। 25 नई ई-बसों को जोड़ने और नए रूट तैयार करने की योजना से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और मजबूत हो सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।