हल्दौनी दुष्कर्म-हत्या मामले में सपा की मदद: पीड़ित परिवार को दी 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03/09/2026): ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की घोषणा के बाद बुधवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और नोएडा महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

सपा नेताओं ने जताया दुख, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बच्चियों और महिलाओं के खिलाफ इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है और आगे भी हरसंभव सहयोग करेगी।

जिलाधिकारी से मिलकर अतिरिक्त सहायता की मांग

सुधीर भाटी ने बताया कि सपा का प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर जिलाधिकारी से भी मुलाकात कर चुका है। पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। उनके मुताबिक, जिलाधिकारी ने इस संबंध में आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है।

पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था आरोपी

मामले का आरोपी बलराज पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी की मौत हो गई।

पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट दिखे ग्रामीण

आरोपी की मौत के बाद हल्दौनी गांव के ग्रामीणों और पीड़ित परिवार के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की थी। दो दिन पहले ग्रामीणों ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह समेत पुलिस टीम को सम्मानित भी किया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और घटना से जुड़े साक्ष्यों की बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस से भागने और हथियार छीनने का प्रयास किया। इसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई में आरोपी मारा गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।