Lucknow News (03/09/2026): उत्तर प्रदेश में इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) और सीजनल फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि H1N1 की जांच सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध कराई जाए, ताकि संदिग्ध मरीजों की समय रहते पहचान हो सके और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और मेडिकल कॉलेजों में पर्याप्त दवाएं, जांच सुविधाएं तथा आइसोलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभावित जिलों में बढ़ाई जाए निगरानी
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन जिलों में इन्फ्लुएंजा-ए और सीजनल फ्लू के मामले अधिक सामने आ रहे हैं, वहां सर्विलांस और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को स्थानीय स्तर पर स्थिति की लगातार समीक्षा करने और संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी होने पर तत्काल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने अस्पतालों में गंभीर मरीजों के उपचार के लिए अलग ICU वार्ड की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही H1N1 की जांच, संक्रमण से बचाव और उपचार को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी करने को कहा गया, ताकि स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रबंधन में स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल सकें।
Teleconsultation को प्रभावी बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने टेली-कंसल्टेशन सुविधा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को शुरुआती स्तर पर चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते हैं, वहां बिना देरी किए अतिरिक्त चिकित्सा संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष निगरानी
सीएम योगी ने H1N1 और सीजनल फ्लू के लिहाज से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की मदद से घर-घर सर्वे और स्क्रीनिंग कर संभावित मरीजों की पहचान करने को कहा। अस्पतालों में फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मरीजों की समय पर जांच हो सके और संक्रमण के प्रसार का जोखिम कम किया जा सके।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने लोगों को H1N1 और सीजनल फ्लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हाथों की नियमित सफाई, खांसते और छींकते समय सावधानी तथा संक्रमण से बचाव के अन्य जरूरी उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों तक बीमारी से जुड़ी सही और प्रमाणित जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि संक्रमण को लेकर अनावश्यक भय का माहौल न बने। सरकार का फोकस समय पर जांच, प्रभावी निगरानी, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं और जागरूकता के जरिए H1N1 तथा सीजनल फ्लू के प्रसार को नियंत्रित करने पर है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।