दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट, लिंक एक्सप्रेसवे का काम 75% पूरा
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (03/09/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली जेवर ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना का करीब 75 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। 31.425 किलोमीटर लंबे छह लेन के इस एक्सेस कंट्रोल मार्ग का लगभग एक चौथाई हिस्सा अभी बाकी है। अब परियोजना को 16 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण एनएचएआई की निगरानी में हाइब्रिड एनुइटी मॉडल के तहत किया जा रहा है। काम 22 जून 2023 को शुरू हुआ था और पहले इसे जून 2025 तक पूरा किया जाना था। हालांकि, परियोजना में बदलाव के साथ करीब 11 किलोमीटर के एलिवेटेड हिस्से को शामिल किए जाने के कारण निर्माण की समयसीमा बढ़ानी पड़ी।
एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के डीएनडी-सोहना लिंक से शुरू होकर जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। इसकी कुल लंबाई में करीब 22.30 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 9.125 किलोमीटर उत्तर प्रदेश में है। एयरपोर्ट की ओर वाले हिस्से का अधिकांश निर्माण पूरा हो चुका है और कुछ मार्ग को यातायात के लिए भी खोला जा चुका है।
परियोजना के तहत फरीदाबाद के सेक्टर-65 के पास इंटरचेंज, मोहना क्षेत्र में यमुना नदी पर छह लेन का पुल और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। फरीदाबाद में एलिवेटेड सेक्शन और इंटरचेंज का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि यमुना पुल से जुड़े निर्माण कार्य भी जारी हैं।
लिंक एक्सप्रेसवे पूरा होने के बाद दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान और तेज हो जाएगा। साथ ही एयरपोर्ट की कार्गो और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी, क्योंकि यह मार्ग दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।