नोएडा में मोबाइल चोरी के शक में युवक की पिटाई, इलाज के दौरान मौत ,पांच गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (01/09/2026): नोएडा के हरौला इलाके में मोबाइल चोरी के शक में एक 27 वर्षीय युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद फेस-1 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान प्रमोद कुमार राठौर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हरदोई जिले के संडीला का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि प्रमोद 31 अगस्त को ही नौकरी की तलाश में नोएडा आया था और यहां अपने गांव के परिचित नीरज लोधी के साथ रह रहा था।

मोबाइल चोरी के शक में पहली बार हुई मारपीट

जानकारी के मुताबिक, नीरज हरौला क्षेत्र में रहता है और एक फैक्ट्री में काम करता है। 31 अगस्त की सुबह वह रोजाना की तरह नौकरी पर चला गया था। इसी दौरान उसके कमरे के आसपास रहने वाली एक महिला ने प्रमोद पर मोबाइल चोरी करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

आरोप है कि महिला के पति और आसपास मौजूद कुछ लोगों ने प्रमोद को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद प्रमोद वहां से चला गया और दूसरे परिचित के पास पहुंचा, जबकि उसका बैग नीरज के कमरे में ही रह गया।

कमरा खाली करने के बाद बैग लेने पहुंचा था प्रमोद

बताया जा रहा है कि दोपहर में जब नीरज फैक्ट्री से वापस लौटा तो उसे मकान खाली करने के लिए कहा गया। इसके बाद नीरज वहां से चला गया। शाम के समय प्रमोद अपना सामान और बैग लेने के लिए एक दोस्त के साथ नीरज के कमरे पर पहुंचा। परिजनों और परिचितों के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोगों ने प्रमोद को दोबारा पकड़ लिया। आरोप है कि उसके साथ फिर मारपीट की गई। मारपीट के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्रमोद की हालत गंभीर होने पर गांव के कुछ परिचितों और उसके चचेरे भाई ने उसे नोएडा के सेक्टर-39 जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवक को अस्पताल ले जाने से पहले घटना के संबंध में पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई थी। रात करीब 2 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को युवक की मौत की जानकारी मिली।

पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही फेस-1 थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने रात में ही कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक के साथ किन परिस्थितियों में मारपीट हुई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। मोबाइल चोरी के आरोप की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि प्रमोद पर लगाया गया आरोप सही था या केवल संदेह के आधार पर उसके साथ मारपीट की गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि युवक की मौत किस वजह से हुई और उसके शरीर पर कितनी गंभीर चोटें थीं।फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजन भी घटना की जानकारी मिलने के बाद नोएडा पहुंच गए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।