ग्रेटर नोएडा में खुलेगा वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस, भारत-ऑस्ट्रेलिया शिक्षा साझेदारी को मिलेगी नई दिशा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31 अगस्त 2026): भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही साझेदारी अब ग्रेटर नोएडा में एक नए पड़ाव पर पहुंचने जा रही है। ऑस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी ने ग्रेटर नोएडा में अपने नए कैंपस की स्थापना की औपचारिक घोषणा की है। इस कैंपस को ‘जलसेतु’ नाम दिया गया है। उत्तर प्रदेश में किसी विदेशी विश्वविद्यालय का यह पहला कैंपस होगा।
नए कैंपस के जरिए भारतीय छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा हासिल करने के लिए विदेश जाने की जरूरत कम होगी। विश्वविद्यालय उद्योगों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को आधुनिक शिक्षा और व्यावहारिक कौशल प्रदान करने पर जोर देगा। इससे विद्यार्थियों के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
कैंपस की औपचारिक घोषणा सोमवार को दिल्ली स्थित नेशनल एग्रीकल्चर साइंस कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में की गई। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की मौजूदगी में ग्रेटर नोएडा कैंपस की घोषणा की।
शिक्षा और शोध के साथ औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के ग्रेटर नोएडा कैंपस को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र माना जा रहा है। इसके माध्यम से दोनों देशों के संस्थानों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को तैयार करने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ प्रेरणा सिंह, न्यू साउथ वेल्स के कोषाध्यक्ष डेनियल मुकी तथा वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के कुलपति एवं अध्यक्ष विशिष्ट प्रोफेसर जॉर्ज विलियम्स एओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने भारत में अपनी साझेदारी को और व्यापक बनाने की भी घोषणा की। महिला सशक्तीकरण, बिजनेस, डेटा, इनोवेशन और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए स्कॉलरशिप कार्यक्रम शुरू करने की योजना भी सामने रखी गई। इसका उद्देश्य भारतीय युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा, शोध और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं को भारत के भविष्य से जोड़ना लक्ष्य
वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के कुलपति एवं अध्यक्ष जॉर्ज विलियम्स एओ ने कहा कि भारत के साथ विश्वविद्यालय का जुड़ाव केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य युवाओं को ऐसे अवसर उपलब्ध कराना है, जिनके जरिए वे देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में प्रभावी योगदान दे सकें।
न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में स्थापित होने वाला कैंपस भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय छात्रों को वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी की अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने देश में ही प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने भी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर कैंपस की स्थापना में प्राधिकरण की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
दिसंबर में शुरू हो सकता है कैंपस
प्रस्तावित विश्वविद्यालय कैंपस ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय परिसर के टावर-2 में स्थापित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से भवन के तीन फ्लोर लिए गए हैं और इसे दिसंबर 2026 तक शुरू करने की तैयारी है।
वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी में वर्तमान में करीब 50 हजार विद्यार्थी नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विश्वविद्यालय को टाइम्स हायर एजुकेशन यूनिवर्सिटी इम्पैक्ट रैंकिंग में विश्व स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त है।
‘जलसेतु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनेगा जल सुरक्षा का केंद्र
कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा कैंपस को ‘जलसेतु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की गई। इस केंद्र का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों में जल सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए शोध संस्थानों, सरकार, उद्योग जगत और स्थानीय समुदायों को एक साझा मंच पर लाना होगा।
केंद्र के माध्यम से भूजल की स्थिरता, नदियों के स्वास्थ्य, सतत सिंचाई और शहरी जल प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोध एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही जल संबंधी समस्याओं के व्यावहारिक और टिकाऊ समाधान विकसित करने पर भी काम किया जाएगा।
सस्टेनेबल वाटर मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री
विश्वविद्यालय ने ग्रेटर नोएडा कैंपस की शुरुआत के साथ सस्टेनेबल वाटर मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री प्रोग्राम शुरू करने की घोषणा भी की है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से छात्रों को जल प्रबंधन की मौजूदा चुनौतियों, शोध और उनके व्यावहारिक समाधान से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं, सरकारी संस्थानों, बैंकिंग क्षेत्र और उद्योग जगत के विशेषज्ञों के साथ संवाद एवं सहयोग का अवसर मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा में वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस स्थापित होना क्षेत्र को उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले छात्रों को वैश्विक शिक्षा और नए करियर अवसरों तक पहुंच मिलने की संभावना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।