बच्ची से रेप और हत्या के आरोपी बलराज की पुलिस मुठभेड़ में मौत, फायरिंग में एक हेड कांस्टेबल घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (30/08/2026): थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से रेप और हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी बलराज की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने डी पार्क क्षेत्र में घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कराने के दौरान झाड़ियों में छिपाई गई पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी स्रोतों की मदद से आरोपी बलराज पुत्र खेमचंद को गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से तिलपता गांव, थाना सूरजपुर का रहने वाला था और वर्तमान में हल्द्वानी, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि बच्ची की हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू उसने डी पार्क पुलिस चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों में छिपा रखा है। पुलिस टीम आरोपी को लेकर हथियार बरामद करने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची।
पुलिस का दावा है कि चाकू बरामद कराने के बाद आरोपी ने अचानक मौका पाकर झाड़ियों में छिपाई गई .32 बोर की पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से थाना ईकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए।

इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बलराज को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मी रवि कुमार और आरोपी बलराज दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बलराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल हेड कांस्टेबल का इलाज जारी है।

मुठभेड़ के बाद हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस के मुताबिक, मृत आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ रेप और हत्या की घटना सामने आई थी। मामले के मुख्य आरोपी बलराज को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी के लिए उसे डी पार्क क्षेत्र में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

डीसीपी के अनुसार, आरोपी की गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इसमें बलराज घायल हुआ और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस द्वारा मुठभेड़ की घटना, बरामद हथियारों और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड से संबंधित आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।