पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा पखवाड़ा’, मिलेंगी कई मेगा परियोजनाओं की सौगात
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (30 August 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करेगी। इस दौरान राजधानी में परिवहन, सड़क, जल एवं सीवरेज, शिक्षा, बिजली और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सेवा पखवाड़ा दिल्लीवासियों की सेवा और राजधानी के समग्र विकास को समर्पित होगा। सरकार ने विभिन्न विभागों की तैयार परियोजनाओं को इस अवधि में जनता को समर्पित करने की योजना बनाई है, जिससे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
सेवा पखवाड़े की प्रमुख परियोजनाओं में करीब 1,635 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-III का उद्घाटन शामिल है। यह परियोजना सराय काले खां से मयूर विहार तक संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके अलावा मुकरबा चौक के पास आउटर रिंग रोड पर अंडरपास और बादली जंक्शन से हैदरपुर मेट्रो स्टेशन तक एप्रोच रोड के निर्माण जैसी परियोजनाएं भी उद्घाटन के लिए तैयार हैं। इन सड़क और परिवहन परियोजनाओं से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा लोगों के आवागमन का समय कम करने में मदद मिलने की संभावना है।
जल और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी सेवा पखवाड़े में कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें बवाना के जल शोधन संयंत्र में रीसाइक्लिंग प्लांट, ओखला में 564 एमएलडी क्षमता का वेस्टवाटर ट्रीटमेंट प्लांट और बारापुला ड्रेन से बाटला हाउस फेज-II तक इंटरसेप्टर सीवर जैसी योजनाएं शामिल हैं। बाटला हाउस में सीवेज पंपिंग स्टेशन और ओखला तक राइजिंग मेन का काम भी परियोजनाओं का हिस्सा है। रिठाला और कोंडली के वेस्टवाटर ट्रीटमेंट प्लांटों के पुनर्वास और उन्नयन सहित जल एवं सीवरेज परियोजनाओं पर कुल 863.38 करोड़ रुपये की लागत बताई गई है।
शिक्षा और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी सरकार कई तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन करेगी। द्वारका सेक्टर-16 में नए स्कूल भवन के अलावा ईस्ट विनोद नगर और रोहिणी सेक्टर-41 में बड़ी संख्या में नई कक्षाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। शालीमार बाग के एपी ब्लॉक में सार्वजनिक शौचालय तथा फिल्मिस्तान, झंडेवालान और वीर चंद्र गढ़वाली चौक के गोलचक्करों के सौंदर्यीकरण की परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी। वहीं परिवहन क्षेत्र में बुराड़ी के पुराने आईएंडसी सेंटर के पुनर्विकास और तेहखंड में चार लेन वाले नए एटीएस की स्थापना को भी सेवा पखवाड़े की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया गया है।
दिल्ली के बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कई नए ग्रिड और सब-स्टेशन जनता को समर्पित किए जाएंगे। इनमें कड़कड़डूमा ईस्ट दिल्ली हब, अर्जनगढ़, बक्करवाला, ओखला फेज-I, शेख सराय, उत्तम नगर, रणहौला और कालकाजी सहित विभिन्न क्षेत्रों की बिजली परियोजनाएं शामिल हैं, जिनकी कुल लागत 232.42 करोड़ रुपये बताई गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजधानी के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और राजधानी को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित तथा बेहतर नागरिक सुविधाओं से संपन्न बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।