एक ही जगह कई कार ब्रांड, नोएडा में बनेगा आधुनिक ऑटो हब

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (30/08/2026): नोएडा में कार खरीदने वाले लोगों के लिए जल्द ही एक नई सुविधा शुरू होने की तैयारी है। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-105 में एक आधुनिक ऑटो शो-रूम हब विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए करीब 12,596 वर्गमीटर व्यावसायिक जमीन चिन्हित की गई है।

प्राधिकरण की योजना के मुताबिक इस हब में अलग-अलग वाहन कंपनियों के लिए पांच शोरूम प्लॉट बनाए जाएंगे। प्रत्येक भूखंड का आकार लगभग 2,231 से 2,300 वर्गमीटर के बीच होगा। इसके अलावा यहां बहुमंजिला पार्किंग, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जगह निर्धारित की गई है।

ऑटो हब को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किया जाएगा। करीब 2,261 वर्गमीटर क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी, जबकि दो रेस्टोरेंट के लिए 500-500 वर्गमीटर के भूखंड रखे गए हैं। इससे ग्राहकों को कार देखने और खरीदने के साथ पार्किंग और खान-पान की सुविधा भी एक ही परिसर में मिल सकेगी।

प्राधिकरण का मानना है कि अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित कार शोरूम के कारण ग्राहकों को कई जगह जाना पड़ता है और पार्किंग की परेशानी भी सामने आती है। नए हब में कई कंपनियों के शोरूम एक साथ होने से ग्राहक अलग-अलग ब्रांड, मॉडल और कीमतों की तुलना आसानी से कर सकेंगे। इससे वाहन कारोबार को भी एक व्यवस्थित स्थान मिलने की उम्मीद है।

इस परियोजना के लिए प्राधिकरण ने कंपनियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट (EOI) मांगा है। इच्छुक कंपनियां 18 सितंबर शाम 5 बजे तक अपने प्रस्ताव जमा कर सकती हैं। इससे पहले 11 सितंबर को प्री-बिड बैठक होगी, जिसमें योजना से जुड़े सवालों और आपत्तियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।