दिल्ली में जलभराव पर LG सख्त, PWD के बड़े अधिकारी मैदान में उतरे; 2 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (29 August 2026): दिल्ली में मानसून के दौरान बार-बार हो रहे जलभराव को लेकर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। 25 अगस्त को हुई भारी बारिश के बाद राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में पानी भरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। स्थिति का संज्ञान लेते हुए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने उच्चस्तरीय बैठक कर PWD समेत संबंधित एजेंसियों को जलभराव रोकने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। LG ने साफ कहा है कि मानसून के बचे हुए दिनों में जलभराव की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए फुलप्रूफ इंतजाम किए जाएं और उठाए गए कदमों की रिपोर्ट 31 अगस्त तक पेश की जाए।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस मानसून सीजन में अब तक 139 जलभराव वाले हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं। इनमें 20 अगस्त तक हुई बारिश के दौरान सामने आए 113 स्थान शामिल हैं, जबकि 24 अगस्त की भारी बारिश के बाद 26 नए जलभराव वाले स्थान चिन्हित किए गए। समस्या की गंभीरता को देखते हुए PWD के शीर्ष अधिकारियों को अलग-अलग इलाकों और सड़कों की जिम्मेदारी सौंपकर फील्ड निरीक्षण के लिए उतारा गया है। प्रमुख सचिव PWD ने महरौली-बदरपुर रोड, विशेष सचिव ने MG रोड, पुरानी दिल्ली-गुरुग्राम रोड और महिपालपुर बाईपास का निरीक्षण किया। वहीं इंजीनियर-इन-चीफ ने नांगलोई-नजफगढ़ रोड, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन, मॉडल टाउन और लाला जगत नारायण मार्ग समेत कई क्षेत्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जल निकासी व्यवस्था की जमीनी स्थिति की बारीकी से जांच की। नालों के आउटफॉल, गाद जमा होने, जल निकासी में रुकावट और पानी निकालने के लिए लगाए गए पंपों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया गया। नई रोहतक रोड, बुराड़ी की 100 फीट रोड, प्रेमबाड़ी अंडरपास, डाबरी नाला रोड और नजफगढ़-कपास्या रोड जैसे पुराने जलभराव वाले स्थानों की भी जांच की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपलब्ध संसाधनों के भीतर ऐसे तत्काल उपाय तलाशें, जिनसे बारिश के दौरान पानी तेजी से निकाला जा सके। साथ ही भविष्य में समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए दीर्घकालिक समाधान भी सुझाने होंगे।
जलभराव की समस्या से निपटने में लापरवाही रोकने के लिए PWD ने जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था भी मजबूत की है। पंप हाउस ऑपरेटरों, पंप ऑपरेटरों और जूनियर व असिस्टेंट इंजीनियरों को विभाग के लोगो वाली जैकेट और रेनकोट दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में मौके पर मौजूद कर्मचारियों की पहचान और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। सभी मुख्य अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को निरीक्षण पूरा कर 31 अगस्त तक विस्तृत रिपोर्ट प्रमुख सचिव PWD को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इस रिपोर्ट में जलभराव वाले स्थानों की मौजूदा स्थिति, तत्काल किए जाने वाले उपाय और लंबे समय के समाधान से जुड़ी सिफारिशें शामिल होंगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।