शारदा विश्वविद्यालय में भविष्य की तकनीकों और रिसर्च पर विशेष व्याख्यान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (29/08/2026): शारदा विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान एवं जैव रसायन विज्ञान विभाग की ओर से “Future Technologies and Research: An Industry Perspective” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं CSIR-Indian Institute of Integrative Medicine (CSIR-IIIM) के पूर्व निदेशक तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर राम विश्वकर्मा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
व्याख्यान के दौरान प्रो. राम विश्वकर्मा ने तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया, भविष्य की उभरती प्रौद्योगिकियों और अनुसंधान के बदलते स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी नवाचार और तकनीकी विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने विद्यार्थियों और शोधार्थियों को पारंपरिक अनुसंधान से आगे बढ़कर उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं पर आधारित रिसर्च करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शोध को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनका प्रत्यक्ष लाभ समाज और उद्योग दोनों को मिल सके।
प्रो. विश्वकर्मा ने बहुविषयक अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) जैसे विषयों पर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने शोधार्थियों को अपने वैज्ञानिक विचारों को व्यावहारिक समाधान और उपयोगी तकनीकों में बदलने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), हरित प्रौद्योगिकी, उन्नत सामग्री, जैव प्रौद्योगिकी और सतत विकास से जुड़े अनुसंधान आने वाले वर्षों में वैश्विक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से इन क्षेत्रों में नई संभावनाओं को तलाशने और वैश्विक स्तर की चुनौतियों के समाधान में योगदान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी विषयों से जुड़े सवाल पूछे। प्रो. राम विश्वकर्मा ने अपने लंबे वैज्ञानिक अनुभव और व्यावहारिक दृष्टिकोण के आधार पर उनके प्रश्नों के विस्तार से उत्तर दिए। संवादात्मक सत्र ने प्रतिभागियों को उद्योग की वर्तमान जरूरतों, अनुसंधान के नए अवसरों और वैश्विक स्तर पर उपलब्ध संभावनाओं को समझने में मदद की।

स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड साइंस की डीन डॉ. पल्लवी गुप्ता ने व्याख्यान को विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह के विशेषज्ञ सत्र छात्रों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ उद्योग की अपेक्षाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं, रसायन विज्ञान एवं जैव रसायन विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपम अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को उपयोगी और प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि उद्योग और अकादमिक जगत के बीच संवाद को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अनुसंधान के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकगण, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. अनुपम अग्रवाल, डॉ. नूपुर श्रीवास्तव, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, डॉ. शशांक शर्मा, डॉ. मृदुला, डॉ. प्रीति जैन, डॉ. आशीष, डॉ. शिवानी प्रिया, डॉ. प्रिया दास, डॉ. परतपर सरकार, डॉ. सयन्ति मंडल, डॉ. सुमन मलिक, डॉ. सुरेंदर, डॉ. कविता खटाना और डॉ. मणिदीपा सहित अन्य शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी दिशा, उद्योग आधारित अनुसंधान और नवाचार के बदलते अवसरों से परिचित कराना रहा। व्याख्यान के समापन पर प्रतिभागियों ने इसे अपने शैक्षणिक एवं शोध करियर के लिए उपयोगी अनुभव बताया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।