दिल्ली के सभी थानों में हर शनिवार लगेगी ‘जनसुनवाई’, LG का आदेश

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 August 2026): दिल्ली पुलिस ने आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद के लिए नई पहल शुरू की है। उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू के निर्देश के बाद राजधानी के सभी थानों में हर शनिवार ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ आयोजित की जाएगी। इस दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाने में मौजूद रहेंगे। आम लोग बिना किसी झिझक के अपनी शिकायतें, स्थानीय सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं और क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था सुधारने से जुड़े सुझाव अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।

‘थाना दिवस’ का मुख्य उद्देश्य ऐसी छोटी-मोटी शिकायतों, स्थानीय विवादों और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का शुरुआती स्तर पर ही समाधान करना है, जिनके लिए लोगों को बार-बार पुलिस थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नियमित जनसुनवाई से इलाके की जमीनी समस्याओं की जानकारी सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके साथ ही स्नेचिंग, गश्त, सार्वजनिक सुरक्षा और स्थानीय विवाद जैसे मुद्दों पर लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर कार्रवाई की रणनीति तैयार की जा सकेगी।

इस पहल की शुरुआत के तहत पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले के कई थाना क्षेत्रों में जनसुनवाई आयोजित भी की गई। मयूर विहार, लक्ष्मीनगर, प्रीत विहार, गांधी नगर और विवेक विहार समेत कई इलाकों के लोगों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। विवेक विहार थाने में आयोजित जनसुनवाई में एक दर्जन से अधिक लोग पहुंचे, जिन्होंने सिविक एजेंसियों से जुड़ी परेशानियों, स्नेचिंग की घटनाओं और घरेलू विवादों की शिकायतें साझा कीं। पुलिस ने कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई और समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी।

शाहदरा जिले के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा कि थाना दिवस का मकसद पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना है। इससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर शिकायतों के समाधान में तेजी आएगी। साथ ही पुलिस को भी अपने क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और सुरक्षा चुनौतियों को समझने में मदद मिलेगी। माना जा रहा है कि यदि यह व्यवस्था प्रभावी ढंग से जारी रहती है तो इससे पुलिस पर लोगों का भरोसा बढ़ाने और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।