वैवाहिक वर्षगांठ पर 21 बेटियों की शादी: समाजसेवी दंपति ओमप्रकाश और पूनम अग्रवाल की प्रेरणादायक पहल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (13 फरवरी 2025): जहां एक ओर आज के दौर में लोग अपनी विवाह वर्षगांठ पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर इसे धूमधाम से मनाते हैं, वहीं समाज में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो इस खास दिन को समाज सेवा के लिए समर्पित कर मिसाल कायम कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा के प्रसिद्ध समाजसेवी ओमप्रकाश अग्रवाल और उनकी पत्नी पूनम अग्रवाल ऐसे ही उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। अपनी 28वीं शादी की सालगिरह के अवसर पर यह दंपति 14 फरवरी को 21 आर्थिक रूप से कमजोर जोड़ों का विवाह करवाने जा रहा है।

समाजसेवी ओमप्रकाश अग्रवाल ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से विशेष बातचीत में बताया कि उन्होंने अपनी 25वीं शादी की सालगिरह से सामूहिक विवाह कराने की शुरुआत की थी और पिछले चार वर्षों से लगातार इस परंपरा को निभा रहे हैं। इस वर्ष भी वे 21 ऐसे जोड़ों की शादी करवा रहे हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अपनी बेटियों के विवाह में सक्षम नहीं हैं। ये जोड़े पूरी जांच-पड़ताल के बाद चयनित किए जाते हैं, और उनका विवाह पूरे सनातन विधि-विधान से संपन्न कराया जाता है।

शादी का भव्य आयोजन

यह सामूहिक विवाह समारोह ग्रेटर नोएडा के साइट-4 में स्थित एमएसएक्स मॉल के पास आयोजित किया जाएगा। ओमप्रकाश अग्रवाल बताते हैं कि वे इन शादियों को उसी श्रद्धा और उत्साह से संपन्न कराते हैं जैसे कि अपनी बेटी की शादी हो। प्रत्येक जोड़े के लिए अलग पंडाल बनाए जाते हैं, 21 पंडित विवाह संस्कार करवाते हैं, और हर शादी में लगभग 30-35 मेहमान शामिल होते हैं। शादी के बाद नवदंपतियों को गृहस्थी का पूरा सामान, सोने-चांदी के आभूषण, और यहां तक कि मोटरसाइकिल तक दी जाती है। बारात चढ़ाने से लेकर जयमाला, फेरे और भंडारे तक, हर रस्म को पूरी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निभाया जाता है।

बेटियों की तरह कराते हैं विवाह

पूनम अग्रवाल का कहना है कि उनके दो बेटे हैं, और हमेशा यह इच्छा थी कि उनकी एक बेटी होती तो वे उसकी शादी पूरे धूमधाम से करते। लेकिन जब उन्होंने समाज में उन परिवारों को देखा जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपनी बेटियों का विवाह अच्छे से नहीं करवा पाते, तो उन्होंने यह निर्णय लिया कि वे उन बेटियों को अपनी बेटी मानकर विवाह कराएंगी। वे बताती हैं कि जिन बेटियों का विवाह उन्होंने करवाया है, उनसे आज भी उनका संपर्क बना हुआ है, और वे उन्हें अपनी बेटी ही मानती हैं।

सभी से की अपील

ओमप्रकाश और पूनम अग्रवाल ने समाज के संपन्न वर्ग से अपील की कि वे भी अपने आसपास जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं और इस नेक कार्य में योगदान दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसी पहल उन बेटियों के सपनों को पूरा कर सकती है, जिनके माता-पिता आर्थिक रूप से कमजोर हैं।

यह पहल न सिर्फ समाज के लिए एक प्रेरणा है बल्कि यह भी साबित करती है कि सच्चा प्रेम सिर्फ व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज और जरूरतमंदों की भलाई के लिए भी समर्पित हो सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।