‘परख’ राष्ट्रीय सर्वेक्षण पर कार्यशाला संपन्न: शिक्षकों को डाटा विश्लेषण और मूल्यांकन प्रणाली का दिया प्रशिक्षण
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/03/2026): दनकौर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में ‘परख’ राष्ट्रीय सर्वेक्षण को लेकर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे बैच का शनिवार को समापन हो गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को सर्वेक्षण से जुड़े आंकड़ों की समझ विकसित कराना और उन्हें विद्यालय स्तर पर शैक्षणिक सुधार के लिए प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए तैयार करना था।
कार्यशाला के दौरान नोडल अधिकारी भूपेंद्र सिंह और संयोजक राजेश खन्ना ने प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने भाग लिया, जिनमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक, सहायता प्राप्त, निजी तथा राजकीय विद्यालयों के शिक्षक शामिल रहे।
प्रशिक्षण सत्रों में राष्ट्रीय, राज्य, जनपद और ब्लॉक स्तर पर प्राप्त ‘परख’ सर्वेक्षण के आंकड़ों का गहन अध्ययन और विश्लेषण किया गया। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बताया कि इन आंकड़ों के आधार पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और कमजोरियों को समझा जा सकता है। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार इस डाटा को विद्यालय स्तर तक पहुंचाकर शिक्षण पद्धति में सुधार लाया जा सकता है।
कार्यशाला में नई शिक्षा नीति के तहत विद्यालयों में लागू की जा रही होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) प्रणाली पर भी विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को बताया कि फाउंडेशनल, प्रिपरेटरी और मिडिल स्तर पर छात्रों के समग्र मूल्यांकन के लिए यह प्रणाली किस प्रकार उपयोगी साबित हो सकती है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी अन्य क्षमताओं का भी समग्र आकलन किया जा सकेगा।

इसके अलावा आगामी समय में कक्षा 3, 6 और 9 के विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित राष्ट्रीय सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शिक्षण रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों को सुझाव दिया गया कि वे कक्षा में सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाएं, ताकि भविष्य में होने वाले मूल्यांकन में विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर हो सके।
समापन सत्र में डायट की प्राचार्य अर्चना गुप्ता ने प्रतिभागी शिक्षकों से प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर सुझाव और फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों की पेशेवर क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए सभी शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और उम्मीद जताई कि यहां प्राप्त ज्ञान का लाभ विद्यालयों में विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।