ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मिली नई सौगात: सांसद डॉ महेश शर्मा ने किया दो फुटओवर ब्रिज का उद्घाटन
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा वेस्ट, (13 फरवरी 2025): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना का शुभारंभ हुआ, जब गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दो नए फुटओवर ब्रिज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी मौजूद रहे। इन पुलों के बनने से स्थानीय निवासियों को सड़क पार करने में बड़ी सुविधा मिलेगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
सांसद डॉ महेश शर्मा ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा, “गौतमबुद्ध नगर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा वी.ओ.टी. (वायबिलिटी गैप फंडिंग) आधार पर 5.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो फुटओवर ब्रिजों का लोकार्पण किया गया। ये ब्रिज सुपरटेक इको विलेज और सेंट जॉन स्कूल के पास बनाए गए हैं, जो स्थानीय निवासियों की आवाजाही को सुगम बनाएंगे।”
इन दोनों फुटओवर ब्रिजों को आधुनिक डिज़ाइन के साथ तैयार किया गया है, जिसमें लिफ्ट की सुविधा भी दी गई है। यह सुविधा विकलांग व्यक्तियों, बुजुर्गों और उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी होगी, जो सीढ़ियां चढ़ने में असमर्थ हैं। लिफ्ट की मदद से लोग आसानी से ब्रिज का उपयोग कर सकेंगे, जिससे उनका सफर और अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।

स्थानीय निवासियों ने भी इस नई सुविधा के लिए प्रशासन का धन्यवाद किया और इसे क्षेत्र की बड़ी जरूरत बताया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार बढ़ती आबादी और यातायात के चलते इन फुटओवर ब्रिजों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब इनके निर्माण से राहगीरों को सुरक्षित सड़क पार करने का विकल्प मिल गया है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर सरकार और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण निरंतर प्रयासरत हैं। आने वाले समय में इस तरह की और भी सुविधाएं विकसित करने की योजना है, जिससे क्षेत्र को एक स्मार्ट और सुरक्षित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।