नोएडा में चलती टैक्सी में अचानक लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (18/08/2026): नोएडा के सेक्टर-100 में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर दौड़ रही एक वैगनआर टैक्सी अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने खतरा भांपते हुए समय रहते वाहन से बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। राहत की बात रही कि घटना के वक्त टैक्सी में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
जानकारी के मुताबिक, वैगनआर टैक्सी सेक्टर-104 रेड लाइट की ओर से आम्रपाली सफायर की दिशा में जा रही थी। सेक्टर-100 के पास पहुंचते ही कार में अचानक आग भड़क उठी। चालक ने तत्काल वाहन रोककर बाहर निकलने में ही अपनी सुरक्षा समझी। कुछ ही देर में आग इतनी विकराल हो गई कि कार का अधिकांश हिस्सा जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम एक फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, दमकल कर्मियों ने करीब 20 मिनट तक अभियान चलाकर आग को पूरी तरह बुझाया। आग के कारण कुछ समय के लिए मौके पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और वाहनों को दूसरे मार्ग से निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटों के बीच कार से हल्के धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी। इसके बाद वाहन के शीशे टूट गए। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। आग के दौरान वाहन के अंदर गर्मी और गैस बनने से दबाव बढ़ने के कारण धमाका होने की आशंका जताई गई है।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के समय टैक्सी खाली होने से बड़ा नुकसान टल गया। यदि वाहन में सवारी मौजूद होती और आग फैलने के बाद बाहर निकलने में देरी होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल दमकल विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।