विद्यालयों में छात्रों के स्क्रीन टाइम पर लगाम, गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/08/2026): विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड एवं डिजिटल बोर्ड के संतुलित और सीमित उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह कदम उन शिकायतों के बाद उठाया गया है, जिनमें कई विद्यालयों में छात्रों का प्रतिदिन 4 से 5 घंटे तक स्क्रीन टाइम होने की बात सामने आई थी।

लगातार स्क्रीन देखने से स्वास्थ्य पर असर की आशंका

पैरेंट्स एसोसिएशन से प्राप्त शिकायतों और सुझावों में बताया गया कि कई विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के दौरान पाठ्य-पुस्तकों को सीधे डिजिटल बोर्ड पर प्रदर्शित कर पढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा कक्षा-कार्य, प्रश्नोत्तर और गृहकार्य के लिए भी डिजिटल स्क्रीन का लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, अत्यधिक स्क्रीन टाइम से विद्यार्थियों में आंखों की थकान, निकट दृष्टि, सिरदर्द, एकाग्रता में कमी तथा अन्य शारीरिक एवं व्यवहारगत समस्याओं की संभावना बढ़ सकती है।

प्राथमिक कक्षाओं में स्क्रीन टाइम न्यूनतम रखने पर जोर

जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए उम्र के अनुरूप स्क्रीन उपयोग को सीमित और संतुलित रखने पर जोर दिया है। प्राथमिक कक्षाओं में स्क्रीन टाइम को न्यूनतम रखते हुए 30 मिनट से अधिक न करने तथा उच्च प्राथमिक कक्षाओं में 60 मिनट से अधिक स्क्रीन उपयोग नहीं होने देने पर विशेष बल दिया गया है।

ऑनलाइन कक्षाओं के संबंध में निर्धारित अवधि, सत्रों के बीच पर्याप्त विश्राम और 20-20-20 नियम का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत लगभग 20 मिनट स्क्रीन देखने के बाद कम से कम 20 सेकंड तक 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखने की सलाह दी गई है।

स्मार्ट बोर्ड केवल सहायक शिक्षण माध्यम

विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड का इस्तेमाल मुख्य रूप से कठिन अवधारणाओं, चित्रों, वीडियो और आवश्यक शिक्षण सामग्री को समझाने के लिए सहायक माध्यम के रूप में किया जाए।

वहीं लेखन, अभ्यास, प्रश्नोत्तर और विद्यार्थियों की सहभागिता वाली गतिविधियों के लिए ब्लैक बोर्ड, व्हाइट बोर्ड अथवा ग्रीन बोर्ड का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्क्रीन की चमक और कक्षा की प्रकाश व्यवस्था को संतुलित रखने तथा विद्यार्थियों को स्क्रीन से उचित दूरी पर बैठाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

खेलकूद और गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा

जिला प्रशासन ने विद्यालयों में स्क्रीन आधारित शिक्षण के साथ-साथ पठन-पाठन, लेखन, खेलकूद, समूह गतिविधियों और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया है।

लगभग 20 मिनट के स्क्रीन उपयोग के बाद विद्यार्थियों को आंखों को आराम देने के लिए पर्याप्त अंतराल देने की बात कही गई है। प्रशासन ने विद्यालयों को आवश्यकता के अनुसार डिजिटल-मुक्त अवधि, डिजिटल जीरो डे और डिजिटल डिटॉक्स जैसी गतिविधियां आयोजित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया है।

आंखों की समस्या होने पर अभिभावकों को तत्काल सूचना

निर्देशों में कहा गया है कि यदि किसी विद्यार्थी में आंखों में जलन, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देते हैं तो अभिभावकों को तत्काल सूचित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लिया जाए।

विद्यार्थियों की त्रैमासिक आंखों की जांच कराने तथा उसकी रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया गया है।

PTM में स्क्रीन टाइम पर होगी चर्चा

जिला प्रशासन ने पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग (PTM) की जिम्मेदारी भी बढ़ाई है। विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड के संतुलित उपयोग और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े दिशा-निर्देशों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक का कार्यवृत्त अभिभावक-अध्यापक बैठक में अभिभावकों के साथ साझा करना होगा। इससे अभिभावकों को भी बच्चों के स्क्रीन टाइम और डिजिटल शिक्षण के प्रभावों के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

नोडल अधिकारी करेंगे अनुपालन की समीक्षा

जिले में नामित मजिस्ट्रेट एवं नोडल अधिकारियों को आवंटित विद्यालयों में इन दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक के कार्यवृत्त और अनुपालन आख्या निर्धारित अवधि में जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतमबुद्ध नगर के माध्यम से उपलब्ध करानी होगी।

जिला प्रशासन का उद्देश्य डिजिटल तकनीक को शिक्षा से हटाना नहीं, बल्कि उसका स्मार्ट, संतुलित और उद्देश्यपूर्ण इस्तेमाल सुनिश्चित करना है, ताकि आधुनिक शिक्षण सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, खेलकूद, रचनात्मकता और सामाजिक विकास पर भी पूरा ध्यान दिया जा सके।

सौजन्य : सूचना विभाग, गौतमबुद्ध नगर


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News

टिप्पणियाँ बंद हैं।