उत्तरखंड के पीपलकोटी में धंसा टनल, 9 लोगों की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (14 August 2026): उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बीती शाम टनल के अंदर अचानक भूधंसाव के साथ मलबा और पानी भर गया, जिससे वहां काम कर रहे कई कर्मचारी फंस गए। जिला प्रशासन के मुताबिक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। रातभर चले राहत और बचाव अभियान में अधिकांश कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है।

हादसे के वक्त टनल के अंदर कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से रास्ता बाधित हो गया। राहत एवं बचाव दलों ने रातभर अभियान चलाकर 19 लोगों को बाहर निकाल लिया, जबकि तीन लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए टनल के अंदर गए छह बचावकर्मी भी सुरक्षित बताए गए हैं। प्रशासन की टीमें लगातार टनल के भीतर की स्थिति का जायजा लेकर बचाव अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।

हादसे के बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार घटनास्थल पर डटे हुए हैं और राहत-बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को पहले पीपलकोटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में उपचार दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित आपदा परिचालन केंद्र से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए श्रमिकों से फोन पर बात कर उनका हालचाल भी जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार सुबह खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हुई। मुख्यमंत्री मौके पर पहुंचकर टनल में चल रहे राहत-बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा अन्य एजेंसियों से रेस्क्यू की प्रगति की जानकारी लेंगे। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचकर घायल श्रमिकों से मुलाकात भी करेंगे। सरकार ने टनल में फंसे हर कर्मचारी को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है और सभी संबंधित एजेंसियों को युद्धस्तर पर अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रदीप पंवार, मुकेश, दुर्लभ शर्मा, विजय, जितेंद्र, लोकेश्वर और घुनेश्वर समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। मृतकों में बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत अलग-अलग राज्यों के श्रमिक शामिल हैं। प्रशासन ने लापता लोगों के संबंध में जानकारी देने के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। परिजनों से संपर्क और घायलों की स्वास्थ्य निगरानी के लिए प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती टनल में फंसे शेष तीन कर्मचारियों तक सुरक्षित पहुंचना और उन्हें बाहर निकालना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।