18 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 24 अगस्त को यमुना प्राधिकरण पर होगी महापंचायत: पवन खटाना

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/08/2026): संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेतृत्व में गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में किसानों ने बाइक तिरंगा यात्रा निकाली। सैकड़ों किसान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट से रवाना हुए। यात्रा परी चौक से होते हुए यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यमुना प्राधिकरण) कार्यालय पहुंची, जहां किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।

भाकियू के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा के दौरान किसानों ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए और वंदे मातरम् का उद्घोष किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौतमबुद्ध नगर के किसानों से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान के लिए सरकार और प्राधिकरण का ध्यान आकर्षित करना था।

यमुना प्राधिकरण के ओएसडी को सौंपा ज्ञापन

यमुना प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने के बाद किसान प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक शाही को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों ने मुआवजा, आबादी, लीजबैक, आवासीय भूखंड, रोजगार, पुनर्वास और एमएसपी समेत कई प्रमुख मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग उठाई।

ज्ञापन सौंपने के बाद पवन खटाना ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लंबे समय से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि ज्ञापन में शामिल मांगों और लंबित मामलों का समाधान 18 अगस्त 2026 तक कर दिया जाता है तो किसान प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करेंगे। लेकिन निर्धारित समय सीमा तक समाधान नहीं हुआ तो 24 अगस्त 2026 को यमुना प्राधिकरण कार्यालय पर विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी।

किसानों की प्रमुख मांगें

किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर का भुगतान जल्द कराने की मांग की। इसके अलावा आबादी, लीजबैक और शिफ्टिंग से जुड़े लंबित मामलों का निस्तारण करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसानों ने 10 प्रतिशत आवासीय भूखंड की नीति लागू करने, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही किसानों के कर्ज माफ करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

शांतिपूर्ण आंदोलन के बाद तेज आंदोलन की चेतावनी

भाकियू के जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से किसानों ने सरकार को यह संदेश देने का प्रयास किया है कि वे अपनी समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चाहते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों पर सरकार को जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा और आगामी महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

यात्रा में भाकियू जिलाध्यक्ष रॉबिन नागर, जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान, अजीत अधाना, अनित कसाना, सुरेंद्र नागर, मटरू नागर, लाला यादव, राकेश खाजपुर, प्रकाश फौजी, अमित डेढ़ा, जगत प्रधान, ललित चौहान, बेली भाटी, बेगराज प्रधान, भगत सिंह प्रधान, विनोद पंडित, योगेश भाटी, संदीप खटाना, अमित जैलदार, शोभित गुर्जर, सुंदर खटाना, सचिन कसाना, धर्मपाल स्वामी, लाला चौधरी, योगेश रनहैरा, मनीष, बिरजू, संजू नागर, एडवोकेट संदीप चपराना, पवन नागर, प्रदीप नागर, बिल्लू योगी, नंबरदार प्रिंस गैराठी, गुल हसन, भरत, नवनीत खटाना, मोनू शर्मा, मंडी श्याम नागर, अजीत गैराठी, रोहतास चपराना, जगदीश, इंद्रजीत गैराठी, प्रेम चंदीला, चिराग बैसला, राजमल, ऋषि पंडित, सुभाष सलारपुर, भिखारी प्रधान और इंद्रेश चेची सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।