अमानतुल्लाह खान अपराधिक चरित्र के व्यक्ति हैं: दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12 फरवरी 2025): दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। भाजपा ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका आपराधिक इतिहास रहा है और इस बार उन्हें अपनी हरकतों की बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बयान जारी कर कहा कि “अमानतुल्लाह खान आपराधिक चरित्र के व्यक्ति हैं। पहले भी उन पर कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन अब कानून उन्हें सख्त से सख्त सजा देगा।”

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारी मांग है कि अमानतुल्लाह खान जैसे लोगों को कानून कड़ी से कड़ी सजा दे ताकि कोई और कानून को हाथ में लेने की हिम्मत न करे।” भाजपा का आरोप है कि AAP सरकार अपराधियों को संरक्षण देती है, जिससे दिल्ली में अपराध बढ़ रहे हैं। भाजपा ने अमानतुल्लाह खान के पुराने मामलों को गिनाते हुए कहा कि वह पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं। उनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन हर बार वह राजनीतिक दबाव का सहारा लेकर बचते रहे हैं। इस बार पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के मूड में है, और भाजपा ने भी इस मामले पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी कर ली है।

इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। AAP नेताओं का कहना है कि भाजपा विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने की रणनीति अपना रही है। उन्होंने दावा किया कि अमानतुल्लाह खान को बेवजह टारगेट किया जा रहा है और यह पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से हो रहा है।

आपको बता दें कि पिछले दिनों एक वांटेड अपराधी को पुलिस पकड़ने ओखला गई थी। पुलिस का आरोप है कि अमानतुल्लाह खान और उनके समर्थकों ने वारंटी को पुलिस से छुड़ाकर भगा दिया। चारों तरफ से उनके समर्थकों से घिर जाने के कारण पुलिस उस समय कुछ नहीं कर पाई। वहीं अमानतुल्लाह खान का कहना है कि पुलिस के लोग झूठे मुकदमे में उनके लोगों को फंसा रही है।

अमानतुल्लाह खान पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस इस मामले में कड़ी जांच कर रही है, और भाजपा इसे लेकर सरकार पर दबाव बना रही है। अब देखना होगा कि आगे इस मामले में क्या नया मोड़ आता है और क्या अमानतुल्लाह खान को सच में सख्त सजा मिलती है या यह मामला भी राजनीति की भेंट चढ़ जाता है।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।