शहीद स्मारक संस्था की AGM में बख्शी फिर बने अध्यक्ष, रजत जयंती समारोह की तैयारी शुरू
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (10/08/2026): नोएडा शहीद स्मारक संस्था की वार्षिक आम सभा (AGM) एवं प्रबंध समिति के चुनाव का आयोजन सोमवार को किया गया। बैठक में लेफ्टिनेंट जनरल जीएल बख्शी को एक बार फिर संस्था का अध्यक्ष सर्वसम्मति और निर्विरोध रूप से चुना गया। इस दौरान नई प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी चयन किया गया।
नई प्रबंध समिति में लेफ्टिनेंट जनरल आरसी चड्ढा को कार्यकारी निदेशक, ब्रिगेडियर अरुण बाली को निदेशक (समन्वय) तथा कर्नल शशि वैद को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा कर्नल वीएन जगोटा, कमांडर एन. महाजन, कर्नल ओपी मेहता, कर्नल केएस खरब, कर्नल जीएस साल्कलान, कर्नल संजय खारबंदा, कर्नल महेंद्र कुमार, कर्नल जगमोहन और कर्नल जेएस यादव को प्रबंध समिति में शामिल किया गया है।
बैठक के दौरान संस्था के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल जीएल बख्शी ने निवर्तमान प्रबंध समिति के सदस्यों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने संस्था के प्रति उनके समर्पण, निस्वार्थ सेवा और लंबे समय से दिए जा रहे योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
वित्तीय प्रस्तावों को मिली मंजूरी
AGM में संस्था के वित्तीय मामलों पर भी चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 की बैलेंस शीट को सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के बजट प्रस्तावों को भी ध्वनि मत से स्वीकृति दी गई।

रजत जयंती समारोह की तैयारी
बैठक में संस्था के आगामी रजत जयंती समारोह को लेकर भी जानकारी साझा की गई। लेफ्टिनेंट जनरल जीएल बख्शी ने बताया कि संस्था की सिल्वर जुबली मनाने की योजना तैयार की जा रही है। समारोह के कार्यक्रम और आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।
संस्थापक सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल गोरख नाथ को दी श्रद्धांजलि
AGM की शुरुआत में संस्था के उन दिवंगत सदस्यों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया, जिन्होंने संस्था की स्थापना और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान संस्था के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे लेफ्टिनेंट जनरल गोरख नाथ को विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की गई। लेफ्टिनेंट जनरल गोरख नाथ ने 19 वर्षों से अधिक समय तक संस्था के कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। सदस्यों ने उनके समर्पण, नेतृत्व और संस्था के विकास में योगदान को कृतज्ञता के साथ स्मरण किया। बैठक का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ। इस अवसर पर सदस्यों ने नोएडा शहीद स्मारक संस्था के मूल आदर्शों, उद्देश्यों और शहीदों की स्मृति को सम्मान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।