GST कंसल्टेंट से 29 लाख की रंगदारी, पुलिस वर्दी में बदमाशों पर सात घंटे बंधक बनाने का आरोप
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (10/08/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक GST कंसल्टेंट को कथित तौर पर पुलिसकर्मी बनकर अगवा करने और करीब सात घंटे तक बंधक बनाए रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि वर्दी पहने तीन लोगों ने उसे फर्जी एनकाउंटर में मारने की धमकी दी और परिवार से 50 लाख रुपये की मांग की। बाद में 29 लाख रुपये लेने के बाद उसे छोड़ा गया। घटना के करीब 19 दिन बाद बिसरख थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़ित संदीप कुमार के अनुसार, 20 जुलाई की सुबह वह अपनी ग्रैंड विटारा कार से कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एस्पायर सोसायटी के पास एक SUV ने उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि SUV से पुलिस की वर्दी पहने तीन लोग बाहर आए और किसी शिकायत का हवाला देते हुए उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
सात घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर घुमाने का आरोप
संदीप का दावा है कि आरोपी उन्हें करीब सात घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर लेकर घूमते रहे। इस दौरान उन्हें लगातार डराया-धमकाया गया। बाद में आरोपी उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल के आगे ले गए। पीड़ित के मुताबिक, वहीं उसे कथित फर्जी एनकाउंटर में जान से मारने की धमकी दी गई और बदले में 50 लाख रुपये की मांग रखी गई। संदीप ने आरोपियों से इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। इसके बाद कथित तौर पर आरोपियों ने उसके दिल्ली निवासी भाई से संपर्क किया और पैसे की व्यवस्था करने को कहा।
50 लाख की मांग, 29 लाख रुपये में हुआ सौदा
परिवार की ओर से रकम जुटाने के बाद संदीप के भाई और उसके कुछ साथी ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पहुंचे। पीड़ित के अनुसार, वहां आरोपियों को 29 लाख रुपये दिए गए। रकम मिलने के बाद उसे छोड़ दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घर पहुंचते ही 112 पर दी सूचना
संदीप का कहना है कि घर लौटने के बाद उसने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद संबंधित थाने में शिकायत भी की गई। पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद अब तक करीब छह पुलिसकर्मी उससे पूछताछ कर चुके हैं, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने स्वयं घटना से जुड़े संभावित सबूत जुटाने का प्रयास किया। उसका दावा है कि उसने जेवर टोल और मैकडॉनल्ड्स समेत अन्य स्थानों की CCTV फुटेज हासिल कर पुलिस को उपलब्ध कराई है। संदीप के अनुसार, इन फुटेज में कथित आरोपी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में सामने आया विरोधाभास
बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की ओर से बताए गए घटनाक्रम और जांच के दौरान सामने आए कुछ तथ्यों में विरोधाभास नजर आ रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज समेत उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फर्जी पुलिसकर्मी बनकर अपहरण और रंगदारी की इस घटना ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब जांच का अहम बिंदु यह है कि वारदात में शामिल लोग वास्तव में कौन थे और उन्होंने पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।