ग्रेटर नोएडा में दवा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2.60 करोड़ की दवाएं जब्त, 18 लाइसेंस निरस्त
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (10/08/2026): ग्रेटर नोएडा और नोएडा में अवैध, नशीली और मानकों पर खरी न उतरने वाली दवाओं के खिलाफ जिला औषधि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में विभाग ने करीब 2.60 करोड़ रुपये मूल्य की दवाएं बरामद कर सील की हैं। इस दौरान जिले में मेडिकल स्टोर, दवा निर्माण इकाइयों, सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा ब्लड बैंकों समेत 126 प्रतिष्ठानों और संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन सामने आने पर विभाग ने 18 दवा लाइसेंस निरस्त किए हैं। इसके अलावा सात स्थानों पर विशेष रूप से छापेमारी कर संदिग्ध और प्रतिबंधित दवाओं की बरामदगी की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ मामलों में गिरफ्तारी भी हुई है।
73 दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे
जिला औषधि विभाग की टीमों ने निरीक्षण के दौरान अलग-अलग श्रेणी की दवाओं के 73 नमूने एकत्र किए। इनमें कफ सिरप, टैबलेट, कॉस्मेटिक उत्पाद और अन्य औषधियां शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए गोरखपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया। अब तक प्रयोगशाला से 49 नमूनों की जांच रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हो चुकी है। इनमें से एक नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। विभाग ने संबंधित कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शेष नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद उनके आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नशीली दवाओं से लेकर कैंसर की दवाओं तक बरामद
जांच अभियान के दौरान विभाग की कार्रवाई का एक बड़ा केंद्र अवैध रूप से रखी और बेची जा रही दवाएं रहीं। कासना क्षेत्र स्थित न्यू अमित मेडिकल स्टोर पर हालिया छापेमारी में बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गईं। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी में की गई कार्रवाई में करीब 2.48 करोड़ रुपये कीमत की दवाएं बरामद हुईं। बरामद दवाओं में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं, एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन, नशीली दवाएं और कई अन्य आयातित औषधियां शामिल थीं। विभाग की जांच में इस मामले के तार दूसरे राज्यों तक जुड़े मिले। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए कथित गिरोह के तीन सदस्यों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया।
सात स्थानों पर हुई छापेमारी
अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 के बीच विभाग ने नियमित निरीक्षण के साथ-साथ गंभीर शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सात ठिकानों पर छापेमारी की। इन कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में ऐसी दवाएं सामने आईं, जिनके भंडारण, बिक्री अथवा स्रोत को लेकर विभाग को संदेह था। औषधि विभाग का कहना है कि जिले में दवाओं की बिक्री और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विशेष रूप से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री, बिना वैध दस्तावेजों के दवाओं के कारोबार और गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जिला औषधि निरीक्षक जय सिंह के अनुसार अभियान के तहत लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार अब तक 73 दवाओं के नमूने जांच के लिए गोरखपुर लैब भेजे गए हैं, जिनमें 49 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। एक नमूना अधोमानक पाए जाने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।