नोएडा एयरपोर्ट तक फास्ट कनेक्टिविटी की तैयारी, NHAI को मिलेगी 22 गांवों की जमीन
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (08/08/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए प्रस्तावित एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। नोएडा प्राधिकरण परियोजना के लिए अपने क्षेत्र में आने वाले 22 गांवों की आवश्यक जमीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को निशुल्क उपलब्ध कराएगा। करीब 4,000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का उद्देश्य नोएडा और दिल्ली-एनसीआर से एयरपोर्ट तक आवागमन को सुगम बनाना है।
करीब 50 किलोमीटर लंबे इस छह लेन के एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का लगभग 27 किलोमीटर हिस्सा नोएडा क्षेत्र में होगा। प्रस्तावित मार्ग सेक्टर-44, 99, 101 और 109 के आसपास से गुजरते हुए वाजिदपुर, झट्टा, बदौली बांगर, कोंडली, गढ़ी और मोमनाथन समेत 22 गांवों को जोड़ेगा। इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा के तीन गांव भी इस कॉरिडोर से जुड़े रहेंगे।
परियोजना के एलाइनमेंट में भी बदलाव किया गया है। सिंचाई विभाग से पुश्ते पर निर्माण की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब एक्सप्रेसवे का मार्ग पुश्ते से करीब पांच मीटर दूर, नोएडा की तरफ रखा गया है। आगे चलकर इसे यमुना किनारे प्रस्तावित 120 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा। इससे नोएडा के साथ-साथ दिल्ली के मयूर विहार, अक्षरधाम, पटपड़गंज, कालिंदी कुंज और सरिता विहार जैसे इलाकों से एयरपोर्ट पहुंचना आसान होने की उम्मीद है।

इस एक्सप्रेसवे का लाभ फरीदाबाद और हरियाणा के यात्रियों को भी मिलेगा। मंझावली पुल के जरिए इन क्षेत्रों को एयरपोर्ट की ओर सीधा सड़क संपर्क मिल सकेगा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के मुताबिक, एयरपोर्ट के लिए मजबूत सड़क कनेक्टिविटी प्राथमिकता में है और आवश्यक जमीन NHAI को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे परियोजना को निर्धारित समय में आगे बढ़ाया जा सके।
एलाइनमेंट तय होने के बाद परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। इसके बाद मिट्टी की जांच कर निर्माण के लिए जमीन की क्षमता का आकलन किया जाएगा। एक्सप्रेसवे के निर्माण और उसके बाद रखरखाव की जिम्मेदारी NHAI की होगी। परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा और आसपास के शहरों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सड़क यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज, सुगम और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।