घर बैठे खुद करें जनगणना! गौतमबुद्धनगर में 16 नवंबर से स्वगणना अभियान शुरू

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (16 November 2026): जनगणना-2027 को लेकर गौतमबुद्धनगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आम नागरिकों को स्वयं और अपने परिवार की जनगणना ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा। स्वगणना में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनपद में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी और अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूरी करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के दौरान घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए सहयोग प्रदान करें।

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य उत्तर प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण (Revision Round) आयोजित किया जाएगा।

इस बार जनगणना प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) का विकल्प दिया गया है। इसके तहत परिवार का कोई एक सदस्य भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर पूरे परिवार का विवरण दर्ज कर सकेगा।

स्वगणना के दौरान प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इनमें आयु, शिक्षा, माता-पिता से संबंधित विवरण, धर्म, जाति, प्रवास, आधार संख्या, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यक्तिगत जानकारियां शामिल हैं।

ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को एक विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (Self Enumeration ID) प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। जब जनगणना के लिए प्रगणक घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। इसके माध्यम से प्रगणक ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे और जनगणना की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

जिले में स्वगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अलग-अलग दिनों में विभिन्न समुदायों और वर्गों को लक्षित करते हुए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक परिवार ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाकर निर्धारित समयसीमा में अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें।

जनगणना कार्य के व्यवस्थित संचालन के लिए गौतमबुद्धनगर के 12 चार्जों में लगभग 8,000 प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करेंगे और जनगणना संबंधी जानकारी एकत्रित करेंगे। इस कार्य में तैनात प्रगणकों का प्रशिक्षण भी पूरा कराया जा चुका है।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।