फर्जी ट्रेडिंग ऐप का जाल, नोएडा में 3 लोगों से 1.38 करोड़ ठगे

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (08/08/2026): नोएडा में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार और आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर तीन लोगों से करीब 1.38 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ितों को फेसबुक, वॉट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से अपने संपर्क में लिया। इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश कराया गया। शुरुआत में छोटा मुनाफा दिखाकर आरोपियों ने पीड़ितों का भरोसा जीता और बाद में लाखों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए।

पहला मामला: सेक्टर-78 निवासी अमीन उल्ला खान को सितंबर 2025 में शेयर बाजार में रोजाना कमाई का झांसा दिया गया। उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर निवेश के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में 53 हजार रुपये निकालने की अनुमति देकर आरोपियों ने उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद अमीन उल्ला खान ने अक्टूबर और नवंबर 2025 के बीच 72 लाख रुपये से अधिक की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। बाद में आईपीओ में निवेश के नाम पर उनसे करीब 48.87 लाख रुपये और मांगे गए। अतिरिक्त रकम देने से इनकार करने पर आरोपियों ने पहले जमा की गई राशि जब्त करने की धमकी दी।

दूसरा मामला: द हाइड पार्क निवासी मोनिश कुमार घोष को जनवरी 2026 में नामी कंपनियों के नाम से बनाए गए वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए निवेश का ऑफर दिया गया। उन्हें टीसीजी प्लस नाम के ऐप पर पैसे निवेश करने के लिए कहा गया। शुरुआत में 1 लाख रुपये निवेश करने के बाद उन्होंने अलग-अलग चरणों में कुल 52.49 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पहले सर्विस चार्ज और बाद में 21.33 लाख रुपये टैक्स के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग की। शक होने पर मोनिश ने संबंधित कंपनी से संपर्क किया, जहां उन्हें कंपनी के दस्तावेजों के दुरुपयोग की जानकारी मिली।

तीसरा मामला: सेक्टर-108 निवासी देवेंद्र सिंह रावत को टेलीग्राम ग्रुप के जरिए निवेश का झांसा दिया गया। अगस्त 2025 में साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क कर अधिक रिटर्न का भरोसा दिलाया। आरोपियों के झांसे में आकर देवेंद्र ने अलग-अलग बैंक खातों में 13.12 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने निवेश की रकम वापस लेने की कोशिश की तो पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।

तीनों मामलों की शिकायतों के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल नंबर, वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप तथा इस्तेमाल किए गए ट्रेडिंग ऐप की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन तीनों घटनाओं के पीछे एक ही साइबर गिरोह है या अलग-अलग साइबर ठगों के नेटवर्क ने इन वारदातों को अंजाम दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।