नोएडा प्राधिकरण निर्माण गुणवत्ता पर सख्त, स्टील के सैंपल जांच को भेजे

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (06/08/2026): नोएडा प्राधिकरण ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाते हुए सेक्टर-51 और 52 मेट्रो स्टेशन के बीच बन रहे फुटओवर ब्रिज (FOB) तथा सेक्टर-50 और 51 के बीच निर्माणाधीन आरसीसी नाले में उपयोग की जा रही स्टील की गुणवत्ता की जांच कराने का निर्णय लिया है। निरीक्षण के दौरान स्टील की गुणवत्ता पर संदेह जताए जाने के बाद उसके नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए आईआईटी दिल्ली, आईआईटी रुड़की अथवा श्रीराम इंस्टीट्यूट जैसी मान्यता प्राप्त संस्थाओं को भेजे जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह ने निर्माण स्थल पर इस्तेमाल हो रही स्टील का मौके पर परीक्षण कराया और तकनीकी ऑडिट सेल को स्वतंत्र गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाएगा, ताकि गुणवत्ता संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। चर्चा इस बात को लेकर है कि यदि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह था, तो सामग्री के साइट पर पहुंचने या निर्माण कार्य शुरू होने से पहले उसकी जांच क्यों नहीं कराई गई। करोड़ों रुपये की परियोजनाओं में निर्माण के दौरान गुणवत्ता परीक्षण के बजाय बाद में जांच कराने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राधिकरण ने संबंधित प्रबंधक से तीन कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच रिपोर्ट में स्टील निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरती है, तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा वर्क सर्किल-1 से वर्क सर्किल-5 तक के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में सीमेंट, स्टील तथा अन्य निर्माण सामग्री का स्वतंत्र गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने के बाद ही ठेकेदारों के भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए। प्राधिकरण का कहना है कि सार्वजनिक परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।