Greater Noida News (04/08/2026): उद्योग केंद्र-1 स्थित ईकोटेक-3 की ILJIN Electronics Pvt. Ltd. में हुए भीषण अग्निकांड के दौरान कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले दो अग्निशमन कर्मियों को इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। एसोसिएशन ने इस घटना को पूरे औद्योगिक क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शहीद अग्निशमन कर्मियों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही, घायल तीन अग्निशमन कर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई है।
IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने जारी बयान में कहा कि ILJIN Electronics में लगी भीषण आग को बुझाने के दौरान अग्निशमन विभाग के पांच जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें से दो बहादुर कर्मियों ने उपचार के दौरान अपने प्राणों की आहुति दे दी, जबकि तीन अन्य घायल कर्मियों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षति केवल अग्निशमन विभाग की नहीं, बल्कि पूरे औद्योगिक समाज और जिले की अपूरणीय क्षति है।
अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हर संकट की घड़ी में अपनी जान जोखिम में डालकर उद्योगों, श्रमिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें कई अग्निकांडों के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे और उनकी टीम की कार्यशैली को करीब से देखने का अवसर मिला है। श्री चौबे स्वयं हर चुनौतीपूर्ण स्थिति में अग्रिम मोर्चे पर रहकर अपनी टीम का नेतृत्व करते हैं और पूरा विभाग बिना किसी भय के जन-धन की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे वीर अग्निशमन कर्मियों का बलिदान सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

IBA अध्यक्ष ने कहा कि इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन और गौतम बुद्ध नगर का पूरा उद्यमी परिवार शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा यदि भविष्य में दिवंगत अग्निशमन कर्मियों के आश्रितों को रोजगार या किसी अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो IBA एवं जिले के उद्योगपति अपनी सामर्थ्य के अनुसार उन्हें रोजगार और अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने जिले के सभी उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और सक्षम नागरिकों से भी आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में शहीदों के परिवारों का साथ देना समाज का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करेगा तो यह पीड़ित परिवारों के लिए बड़ा संबल साबित होगा। यही उन वीर अग्निशमन कर्मियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने दूसरों की जान और संपत्ति बचाने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर ने अंत में दिवंगत अग्निशमन कर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें तथा उपचाराधीन घायल अग्निशमन कर्मियों को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।