शिवभक्तों के स्वागत में नोएडा तैयार, कांवड़ सेवा शिविर में मिलेंगी 24 घंटे सुविधाएं
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (04/08/2026): सावन माह में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से नोएडा के सेक्टर-14 स्थित श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर समिति ने अपना 15वां कांवड़ सेवा शिविर शुरू कर दिया है। शिविर में एक समय में करीब एक हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। यह सेवा शिविर 11 अगस्त तक संचालित रहेगा।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, फिलहाल कांवड़ियों का आना शुरू हो गया है, लेकिन 5 अगस्त से यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार शिविर का विस्तार किया गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे भंडारे, मेडिकल कैंप और मसाज मशीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
बारिश के मौसम को देखते हुए पूरे परिसर में वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेडिकल टीम के लिए अलग व्यवस्था की गई है। वहीं, शिविर तक पहुंचने वाले मार्ग को दुरुस्त किया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर बिजली के पोलों को सुरक्षित ढंग से ढका गया है। पुलिस, जिला प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण और मंदिर समिति मिलकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रतिदिन पांच हजार से अधिक कांवड़ यात्रियों के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, सचिव राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं को सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें रोटी और अलग-अलग प्रकार की सब्जियां परोसी जाएंगी। एकादशी के अवसर पर विशेष रूप से हलवा प्रसाद वितरित किया जाएगा, जबकि भंडारा पूरे दिन और रात लगातार चलता रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।