12 दिन बंद रहा फ्लैट, लौटे परिवार के उड़ गए होश: हाई-राइज सोसाइटी में लाखों की चोरी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/08/2026): हाई-राइज सोसाइटियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सिटी-1 की सेवंथ एवेन्यू सोसाइटी में चोरों ने एक बंद फ्लैट को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिवार करीब 12 दिन बाद अपने घर वापस लौटा। फ्लैट का सामान बिखरा देखकर परिवार के सदस्य सन्न रह गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गुरमीत अपने परिवार के साथ गौर सिटी-1 की सेवंथ एवेन्यू सोसाइटी के टावर-सी स्थित फ्लैट नंबर-421 में रहते हैं। परिवार किसी निजी कार्य से लगभग 12 दिन पहले शहर से बाहर गया हुआ था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब सभी सदस्य वापस फ्लैट पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खोलते ही घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारियों के लॉक टूटे हुए मिले।
परिवार ने जब पूरे फ्लैट की जांच की तो पता चला कि चोर लैपटॉप, मोबाइल फोन, टैबलेट, सोने की चेन, सोने का सेट और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो चुके हैं। शुरुआती आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के तहत सोसाइटी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर फ्लैट में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को किस समय अंजाम दिया गया।
बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
इस वारदात के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और प्रवेश-निकास पर निगरानी की व्यवस्था होने के बावजूद चोरों का फ्लैट तक पहुंचना और आराम से चोरी कर निकल जाना सुरक्षा प्रबंधन की बड़ी चूक को दर्शाता है। स्थानीय निवासियों का भी कहना है कि बंद फ्लैटों की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।