गौर सिटी में फिर गूंजा ‘My Walk, My Rights’, अब हरित क्षेत्र बचाने की भी जंग
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/08/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रवेश और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में प्रस्तावित निर्माण को लेकर एक बार फिर स्थानीय निवासियों का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए अपने अधिकारों और पर्यावरण संरक्षण की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद वॉकर्स के लिए स्टेडियम का प्रवेश द्वार अस्थायी रूप से खोल दिया गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे गौर सिटी टाउनशिप के वैध निवासी हैं और स्पोर्ट्स स्टेडियम सहित यहां की सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग करना उनका अधिकार है। उनका आरोप है कि लंबे समय से उन्हें स्टेडियम में प्रवेश को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गेट खुलने के बाद जब निवासी परिसर के भीतर पहुंचे तो उन्होंने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की तैयारियां देखीं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई स्थानों पर आरसीसी (RCC) पिलर्स लगाने के लिए गहरे गड्ढे खोदे जा चुके हैं। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इस निर्माण कार्य के चलते कई पुराने पेड़ों को पहले ही काटा जा चुका है, जबकि शेष पेड़ों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
निवासियों ने सवाल उठाया कि टाउनशिप के 35 प्रतिशत नॉन-एफएआर (Non-FAR) ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में निर्माण कार्य किस आधार पर किया जा रहा है और क्या इसके लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं वैधानिक स्वीकृतियां प्राप्त की गई हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि जब उन्होंने गौर सिटी में आवास खरीदा था, तब उन्हें खुले हरित क्षेत्र, स्पोर्ट्स स्टेडियम और बेहतर जीवनशैली का भरोसा दिलाया गया था। इसी उद्देश्य से वर्ष 2016 में शुरू हुआ ‘My Walk, My Rights’ अभियान अब एक बार फिर सक्रिय हो गया है। हालांकि इस बार आंदोलन केवल स्टेडियम में प्रवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि हरित क्षेत्र, पुराने पेड़ों और पर्यावरण संरक्षण की मांग भी इसका प्रमुख हिस्सा बन गई है।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रवेश द्वार खोला जाना केवल अस्थायी राहत है। यदि भविष्य में दोबारा प्रवेश रोका गया या ग्रीन बेल्ट में कथित अवैध निर्माण जारी रहा, तो वे प्रशासन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के समक्ष इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाएंगे।
निवासियों ने अपनी मांगों में ग्रीन बेल्ट और नॉन-एफएआर क्षेत्र में चल रहे निर्माण की तत्काल जांच, भूमि का सीमांकन (डिमार्केशन), सभी स्वीकृतियों का सत्यापन, पुराने पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने स्टेडियम में टाउनशिप के सभी पात्र निवासियों के लिए स्थायी एवं निर्बाध प्रवेश सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि निवासी इसके लिए वार्षिक शुल्क का भुगतान भी करते हैं।
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा कि एक पेड़ को तैयार होने में वर्षों लगते हैं, जबकि उसे काटने में कुछ ही मिनट लगते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासी अपने हरित क्षेत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हैं और यदि आवश्यकता पड़ी तो लोकतांत्रिक तरीके से यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में अनीता प्रजापति, ज्ञानेश शर्मा, अमरजीत राठौर, योगेश भौगोर, मुकेश पाल, नेहा सिंगला, एच.के. भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।