शहीद उधम सिंह के बलिदान को किया नमन, सीटू गौतम बुद्ध नगर ने दी क्रांतिकारी श्रद्धांजलि
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31/07/2026): देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और अमर क्रांतिकारी शहीद सरदार उधम सिंह के शहीदी दिवस पर सीटू (CITU) गौतम बुद्ध नगर की ओर से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संगठन के सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने शहीद उधम सिंह के अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय, शोषण और साम्राज्यवाद के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल 1919 को जलियांवाला बाग में हुए भीषण नरसंहार ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस अमानवीय घटना का प्रतिशोध लेने के लिए शहीद उधम सिंह ने वर्षों तक धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा की और अंततः 13 मार्च 1940 को लंदन के कैक्सटन हॉल में पंजाब के तत्कालीन पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ड्वायर को गोली मारकर जलियांवाला बाग के शहीदों के प्रति अपना संकल्प पूरा किया। यह घटना भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में साहस, संकल्प और बलिदान का एक स्वर्णिम अध्याय मानी जाती है।
गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन केवल एक क्रांतिकारी की कहानी नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध अडिग संघर्ष की प्रेरणा है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश की आजादी और स्वाभिमान के लिए समर्पित कर दिया। उनका बलिदान आज भी हर उस व्यक्ति को प्रेरित करता है जो शोषण, दमन और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प रखता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब मेहनतकश वर्ग के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं और श्रम कानूनों को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, तब शहीद उधम सिंह के आदर्शों को आत्मसात करते हुए न्यायपूर्ण, समानतामूलक और श्रमिक हितों की रक्षा करने वाले भारत के निर्माण का संकल्प लेना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
सीटू गौतम बुद्ध नगर की ओर से सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से शहीद उधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर संगठन ने एक स्वर में “शहीद उधम सिंह अमर रहें” तथा “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों के साथ महान क्रांतिकारी को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।