नकली दवाओं के नेटवर्क पर सरकार का बड़ा शिकंजा, फर्जी बिलिंग और अवैध सप्लाई चेन की जांच तेज

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (31/07/2026): उत्तर प्रदेश में नकली और घटिया गुणवत्ता की दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने एक संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक छह एफआईआर दर्ज कराई हैं। प्रारंभिक जांच में फर्जी बिलिंग, क्रॉस बिलिंग और संदिग्ध बैंकिंग लेनदेन के माध्यम से बाजार में नकली दवाओं की सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ है।

एफएसडीए के अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क नकली दवाओं को असली बताकर विभिन्न स्थानों पर आपूर्ति कर रहा था। जांच के दौरान कई संदिग्ध वित्तीय और व्यावसायिक लेनदेन सामने आए हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर लखनऊ के अमीनाबाद थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क की पूरी श्रृंखला और उससे जुड़े सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई केवल नकली दवाओं की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। इस अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक लेनदेन, सप्लाई चेन, फर्जी दस्तावेजों और नेटवर्क में शामिल सभी व्यक्तियों की गहन जांच की जाएगी। जांच के दायरे का विस्तार करते हुए पूरे गिरोह की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि नकली दवाओं के कारोबार के प्रति *जीरो टॉलरेंस* की नीति अपनाई गई है। लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिकों तक केवल सुरक्षित और गुणवत्ता वाली दवाएं ही पहुंचें तथा नकली दवाओं के अवैध कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।