ITS इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टार्टअप को बड़ी सफलता, ‘टॉर्च इग्नाइटर’ डिज़ाइन का मिला पेटेंट

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (31 July 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज ने अनुसंधान, नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज के इनक्यूबेशन सेंटर नवरचना फाउंडेशन फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (NFED) के अंतर्गत विकसित स्पेसटेक स्टार्टअप नेक्स्टऑर्बिट स्पेस प्राइवेट लिमिटेड को उसके अभिनव “टॉर्च इग्नाइटर” के लिए डिज़ाइन पेटेंट प्राप्त हुआ है। यह पेटेंट आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज और नेक्स्टऑर्बिट स्पेस प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त नाम से पंजीकृत किया गया है।

यह डिज़ाइन पेटेंट भारत सरकार के पेटेंट, डिज़ाइन एवं ट्रेड मार्क्स के नियंत्रक जनरल (Controller General of Patents, Designs & Trade Marks) के कार्यालय द्वारा प्रदान किया गया है। संस्थान के अनुसार यह उपलब्धि न केवल अनुसंधान आधारित नवाचारों को बौद्धिक संपदा संरक्षण दिलाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि शिक्षा संस्थानों और स्टार्टअप्स के बीच मजबूत साझेदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।

कॉलेज प्रशासन का मानना है कि यह सफलता शोध कार्यों के व्यावसायीकरण (Research Commercialization) को गति देने के साथ-साथ देश में विकसित हो रहे स्पेसटेक क्षेत्र के लिए स्वदेशी तकनीकों के विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगी। साथ ही यह उपलब्धि विद्यार्थियों और युवा नवाचारकर्ताओं को अनुसंधान एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

नेक्स्टऑर्बिट स्पेस प्राइवेट लिमिटेड, जो आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज के इनक्यूबेशन सेंटर NFED में इनक्यूबेटेड एक स्पेसटेक स्टार्टअप है, वर्तमान में उन्नत प्रणोदन प्रणालियों (Advanced Propulsion Systems), पुनः प्रयोज्य प्रक्षेपण यान (Reusable Launch Vehicle) तकनीकों तथा माइक्रोग्रैविटी रिसर्च प्लेटफॉर्म के विकास पर कार्य कर रहा है। उल्लेखनीय है कि यह स्टार्टअप स्टार्टअप इंडिया सीड फंड स्कीम (SISFS) के अंतर्गत भी समर्थित है और निजी अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए स्वदेशी तकनीकी समाधान विकसित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग तथा नवरचना फाउंडेशन फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (NFED) के प्रमुख सुधांशु रंजन ने संयुक्त रूप से कहा कि यह डिज़ाइन पेटेंट संस्थान में विकसित हो रही नवाचार, अनुसंधान उत्कृष्टता और उद्यमिता की संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत और स्टार्टअप्स के बीच सहयोग के माध्यम से नए विचारों को संरक्षित बौद्धिक संपदा में बदलना भविष्य की तकनीकी प्रगति का मजबूत आधार तैयार करता है। उन्होंने नेक्स्टऑर्बिट स्पेस प्राइवेट लिमिटेड की पूरी टीम को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी डीप-टेक स्टार्टअप्स को विश्वस्तरीय इनक्यूबेशन, तकनीकी मार्गदर्शन और बौद्धिक संपदा सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

वहीं, नेक्स्टऑर्बिट स्पेस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापकों ने इस उपलब्धि का श्रेय आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज और NFED द्वारा मिले निरंतर मार्गदर्शन, अत्याधुनिक अवसंरचना, तकनीकी सहयोग और इनक्यूबेशन सुविधाओं को दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान के सहयोग ने उनके नवाचार को प्रयोगशाला से वास्तविक तकनीकी समाधान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

संस्थान का मानना है कि इस प्रकार की उपलब्धियां न केवल अकादमिक जगत में अनुसंधान संस्कृति को मजबूत करती हैं, बल्कि भारत को नवाचार और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी गति प्रदान करती हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।