दिल्ली में सीएम और डिप्टी सीएम के नामों पर मंथन तेज, पूर्वांचली चेहरे पर बन सकती है सहमति

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अप्रत्याशित जीत हासिल कर आम आदमी पार्टी (AAP) को सत्ता से बाहर कर दिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब भाजपा में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर गहन मंथन चल रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि राजस्थान की तर्ज पर दिल्ली में भी दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं, जिसमें एक पुरुष और एक महिला विधायक को मौका मिल सकता है।

परवेश वर्मा सबसे आगे, डिप्टी सीएम पद के लिए कपिल मिश्रा और शिखा रॉय के नाम चर्चा में

मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता परवेश वर्मा का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वहीं, डिप्टी सीएम पद के लिए करावल नगर से भाजपा विधायक कपिल मिश्रा और ग्रेटर कैलाश से विजयी रही शिखा रॉय के नामों पर चर्चा जोरों पर है।

कपिल मिश्रा भाजपा के तेजतर्रार नेता माने जाते हैं और ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। ऐसे में अगर उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जाता है, तो पूर्वांचल और ब्राह्मण समुदाय में इसका बड़ा प्रभाव पड़ सकता है। दूसरी ओर, शिखा रॉय ने आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता और मंत्री सौरभ भारद्वाज को हराकर बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा उन्हें डिप्टी सीएम बनाकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत संदेश देना चाहती है।

राजस्थान मॉडल पर दिल्ली में दो डिप्टी सीएम की रणनीति

भाजपा ने राजस्थान में प्रेमचंद बैरवा और दीया कुमारी को उपमुख्यमंत्री बनाकर संतुलन साधा था। अब पार्टी इसी फॉर्मूले को दिल्ली में भी लागू कर सकती है, जिससे विभिन्न समुदायों और वर्गों को संतुष्ट किया जा सके।

भाजपा नेतृत्व जल्द ही दिल्ली सरकार के शीर्ष चेहरों का ऐलान कर सकता है। पार्टी का मकसद न केवल एक स्थिर सरकार देना है, बल्कि दिल्ली की जनता को यह संदेश देना भी है कि विकास और सुशासन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अब देखना होगा कि दिल्ली को नया नेतृत्व कौन देगा और भाजपा किस फॉर्मूले के तहत सरकार का गठन करेगी।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

 

टिप्पणियाँ बंद हैं।