ITS इंजीनियरिंग कॉलेज में अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन
आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह दिन भारतीय वैज्ञानिक डॉ. सी.वी. रमन द्वारा खोजे गए रमन प्रभाव की याद में मनाया जाता है, जिसने भौतिकी के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया और उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार दिलाया। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन एप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. संजय यादव, एप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज विभाग के प्रमुख डॉ. ओ.पी. चौधरी, तथा अन्य विभागों के अध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी (2024-25) को समर्पित किया गया। इस प्रतियोगिता में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों का जोश और ज्ञान देखने लायक था। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों का उत्साह और अधिक बढ़ गया।
इस अवसर पर डॉ. मयंक गर्ग ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति रुचि जगाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. संजय यादव ने विज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज के युग में विज्ञान और तकनीक ही देश को आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बना सकते हैं। उन्होंने छात्रों से वैज्ञानिक सोच विकसित करने और समस्याओं के समाधान के लिए नवीन दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. ओ.पी. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उनकी तार्किक क्षमता को मजबूत करती हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विज्ञान के प्रति अपने उत्साह को प्रदर्शित किया। जिसे छात्रों और शिक्षकों ने सराहा।
इस आयोजन ने विज्ञान और तकनीक के प्रति छात्रों में रुचि बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी प्रेरित किया। आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक और प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे छात्रों को सीखने और नए आयामों को खोजने का अवसर मिलता रहेगा।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।