कांवड़ यात्रा-2026: गौतमबुद्ध नगर पुलिस अलर्ट मोड में, हर रूट पर कड़ी निगरानी

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (29/07/2026): सावन माह और कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इन तैयारियों की जानकारी अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने मीडिया को दी।

एडिशनल कमिश्नर डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि कमिश्नरेट क्षेत्र में कांवड़ियों के आवागमन के लिए आठ प्रमुख कांवड़ मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इन सभी मार्गों का पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से गजटेड अधिकारियों की निगरानी में पूरे रूट की मॉनिटरिंग होगी और समय-समय पर फीडबैक लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख कांवड़ मार्गों पर ड्रोन और टेथर्ड ड्रोन भी तैनात किए गए हैं, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।

अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए चिकित्सा विभाग, विद्युत विभाग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गई हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों को समय रहते दूर करा दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे सावन माह में प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों, जिनमें सिविल पुलिस और पीएसी की कंपनियां शामिल हैं, की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा कमिश्नरेट क्षेत्र की करीब 275 कांवड़ समितियों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें निर्धारित ध्वनि सीमा (डेसिबल लिमिट) का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

एडिशनल कमिश्नर डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि प्रत्येक प्रमुख कांवड़ दल के साथ लायजन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो यात्रा के दौरान लगातार संपर्क बनाए रखेंगे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है तथा इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।